भराड़ीसैंण में 19 से 22 अगस्त तक मानसून सत्र: 547 प्रश्नों के साथ पक्ष-विपक्ष आमने-सामने, CM धामी बोले- हमारी तैयारी पूरी

 

 

देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा का मानसून सत्र 19 से 22 अगस्त तक ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा में आयोजित होगा। सत्र के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अब तक पक्ष-विपक्ष के 32 विधायकों की ओर से कुल 547 प्रश्न विधानसभा को प्राप्त हुए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार सत्र भराड़ीसैंण में ही होगा और सरकार पूरी तरह तैयार है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि “हमारा विधानसभा सत्र शुरू होने वाला है, जिसके लिए हम पूरी तरह तैयार हैं। सभी विषयों पर पहले चर्चा होती है और सरकार ने सत्र को लेकर हर स्तर पर तैयारी कर ली है।”

विधानसभा अध्यक्ष की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सत्र के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। पुलिस विभाग को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रखने के निर्देश मिले हैं।

सत्र को तकनीकी रूप से और सक्षम बनाने के लिए इसे नेवा (नेशनल इलेक्ट्रोल वेब एप्लीकेशन) के तहत संचालित किया जाएगा। आईटीडीए को विशेष निर्देश दिए गए हैं, जबकि संचार कंपनियों की ओर से विधानसभा में हाई-स्पीड इंटरनेट और पूरे परिसर में वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

सत्र के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं, बिजली और पानी की आपूर्ति सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं। विधानसभा परिसर में बिना प्रवेश पत्र के किसी भी कर्मचारी के वाहन को प्रवेश नहीं मिलेगा। केवल मंत्रियों की सिफारिश पर दो और विधायकों की सिफारिश पर दो आगंतुकों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। चार दिवसीय मानसून सत्र के दौरान पक्ष-विपक्ष के बीच तीखी बहस की संभावना जताई जा रही है।

(Visited 2,338 times, 1 visits today)