देहरादून: उत्तराखंड में खाली होने वाली राज्यसभा सीट को लेकर भाजपा की प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा हुई। बैठक में सामने आए नामों में से 3 या 5 नामों का पैनल तैयार करने की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री संगठन को सौंपी गई है।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई बैठक की शुरुआत नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद राज्यसभा सीट, आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और पार्टी के सेवा संकल्प अभियान की प्रगति पर चर्चा की गई।
दो दर्जन नामों पर हुई चर्चा
बैठक के बाद प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने बताया कि राज्यसभा की रिक्त होने वाली सीट के लिए करीब दो दर्जन नाम कोर कमेटी के सामने रखे गए। इनमें महिला, अनुसूचित जाति-जनजाति, युवा और विभिन्न वर्गों से जुड़े नाम शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि सभी नामों पर चर्चा के बाद अंतिम पैनल तैयार करने का दायित्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा को दिया गया है।
राज्यसभा के आधिकारिक रिकॉर्ड में नरेश बंसल को नवंबर 2020 से उत्तराखंड का सदस्य दर्ज किया गया है।
विधानसभा चुनाव और संगठन पर भी चर्चा
कोर कमेटी ने आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों की भी समीक्षा की। बैठक में सांगठनिक मजबूती, शक्ति केंद्रों की सक्रियता, बूथ स्तर पर तैयारियों और पन्ना प्रमुखों की भूमिका को लेकर कार्ययोजना पर चर्चा हुई।
इसके अलावा पार्टी के राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत अब तक हुए कार्यक्रमों की समीक्षा की गई और शेष कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर विचार किया गया।
बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने से जुड़े संगठनात्मक कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई।
