उत्तराखंड को ₹1475 करोड़ की विकास सौगात, अमित शाह ने धामी के साथ किया 62 परियोजनाओं का शुभारंभ

 

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड राज्योत्सव के मंच से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश को 1475.31 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में दोनों नेताओं ने 62 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

इनमें 1073.11 करोड़ रुपये की 44 योजनाओं का शिलान्यास और 402.20 करोड़ रुपये की 18 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।

योजनाओं के तहत बिजली और पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के साथ सड़क, शहरी विकास, शिक्षा और पर्यटन से जुड़े कार्य किए जाएंगे। प्रमुख परियोजनाओं में देहरादून में साइबर उत्कृष्टता केंद्र, हल्द्वानी में फायर स्टेशन के आवासीय भवन, सितारगंज में मिल्क पाउडर और आइसक्रीम प्लांट तथा अगस्त्यमुनि महाविद्यालय में पीजी ब्लॉक का निर्माण शामिल है।

इसके अलावा हरिद्वार में कुंभ-2027 की तैयारियों के तहत सड़क और पुलों का विकास तथा टिहरी में डोबरा-चांठी पार्क और हेमकुंड साहिब रोपवे के लिए विद्युत आपूर्ति से जुड़े कार्य भी शामिल हैं।

सरकार के अनुसार, इन परियोजनाओं से प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

 
 
 
(Visited 1 times, 1 visits today)