मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने स्वतंत्रता दिवस पर विकास, सुशासन और आत्मनिर्भर उत्तराखंड का दिया मंत्र

 

 

देहरादून: 79वें स्वतंत्रता दिवस पर सचिवालय में ध्वजारोहण करते हुए मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया और कहा कि यह दिन उनके साहस और बलिदान को याद करने का अवसर है। उन्होंने प्रदेशवासियों से सहयोग के साथ विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में कठोर परिश्रम करने का आह्वान किया।

मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तराखंड को मैन्युफैक्चरिंग हब, स्किल हब, आयुष प्रदेश और वैश्विक पर्यटन डेस्टिनेशन बनाने के विजन को साकार करने के लिए किसानों, मातृशक्ति और युवाओं की भागीदारी अहम है। उन्होंने पहाड़ी फसलों, मोटे अनाज और स्थानीय उत्पादों को आजीविका का मजबूत आधार बनाने पर जोर दिया।

उन्होंने शासन-प्रशासन में गवर्नेंस रिफॉर्म्स, कैपेसिटी बिल्डिंग अभियान, और तकनीक आधारित परियोजना मॉनिटरिंग के लिए पीएम गति शक्ति पोर्टल, ई-समीक्षा, और सीएम कॉन्क्लेव जैसे नवाचारों की जानकारी दी। “अपुणि सरकार” पोर्टल को देशभर में बेस्ट प्रैक्टिस के रूप में मिली पहचान, हाउस ऑफ हिमालय और वोकल फॉर लोकल पहल को ग्रामीण व आर्थिक विकास के सफल उदाहरण बताया।

मुख्य सचिव ने कहा कि सचिवालय केवल नीतियों का केंद्र नहीं, बल्कि विकास की दिशा तय करने वाला स्तंभ है, इसलिए प्रत्येक निर्णय में जनता का कल्याण सर्वोपरि होना चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों से ईमानदारी, पारदर्शिता और नवाचार की भावना के साथ जनहित योजनाओं को सफल बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, एल. फैनई, आर. मीनाक्षी सुन्दरम सहित सचिव, अपर सचिव और सचिवालय प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

(Visited 452 times, 1 visits today)