परेड ग्राउंड में ABVP के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन में सीएम धामी शामिल, सामाजिक कार्यकर्ता श्रीकृष्ण पांडेय को किया सम्मानित

 

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रो. यशवंत राव केलकर युवा पुरस्कार से गोरखपुर के श्रीकृष्ण पांडेय को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पांडेय ने ‘बाल भिक्षावृत्ति निर्मूलन’, ‘निस्सहाय मनोरोगियों की सेवा’ तथा ‘कारागार बंदियों के पुनर्वास’ जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।

मुख्यमंत्री ने देशभर से आए विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि वे स्वयं भी कभी विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता रहे हैं। उस समय के अनुभवों ने उन्हें नेतृत्व, संगठन क्षमता और समाज सेवा की भावना से समृद्ध किया, जो आज भी उनके जीवन की आधारशिला बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय अधिवेशन कोई सामान्य आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के पवित्र यज्ञ में समर्पित ऊर्जावान युवाओं का महासंगम है।

मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि इस मंच से निकलने वाले विचार और संकल्प राष्ट्र निर्माण की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होंगे और देश के विकास तथा सामाजिक प्रगति को नई गति देंगे। उन्होंने कहा कि वर्ष 1949 में गठित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद आज 77 वर्षों से व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण का कार्य कर रही है और सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक व वैचारिक क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभा रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत की युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है, जो अपने परिश्रम, प्रतिभा और संकल्प के बल पर सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के स्वप्न को साकार कर सकती है। यदि इस ऊर्जा को सही दिशा और मार्गदर्शन मिले तो भारत पुनः विश्व गुरु के रूप में स्थापित हो सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवा शक्ति को राष्ट्र शक्ति मानकर स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, फिट इंडिया और नई शिक्षा नीति जैसी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को निरंतर अवसर दिए जा रहे हैं।

इस अवसर पर केन्द्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, ABVP के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. रघुराज किशोर तिवारी, महामंत्री डॉ. वीरेन्द्र सिंह सोलंकी सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

(Visited 1,299 times, 1 visits today)