इंडिगो संकट के बीच एयर इंडिया का बड़ा दांव: पायलट भर्ती का विज्ञापन बना चर्चा का विषय

 

 

 

नई दिल्ली : देश की प्रमुख एयरलाइंस इंडिगो इन दिनों गंभीर परिचालन संकट से जूझ रही है, इसी बीच उसकी प्रतिद्वंद्वी एयर इंडिया ने पायलटों की बड़ी भर्ती का ऐलान कर एविएशन इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है। एयर इंडिया ने एक हायरिंग विज्ञापन जारी करते हुए कहा है— “आसमान की कोई सीमा नहीं है, यह तो बस शुरुआत है।” कंपनी ने अनुभवी पायलटों से आवेदन करने की अपील की है।

टाटा ग्रुप द्वारा अक्टूबर 2021 में अधिग्रहण के बाद एयर इंडिया लगातार अपने फ्लीट और नेटवर्क का विस्तार कर रही है। इसी कड़ी में कंपनी अपने एयरबस A320 और बोइंग 737 विमानों के लिए पायलटों की भर्ती करना चाहती है। हालांकि यह एक सामान्य भर्ती प्रक्रिया है, लेकिन इंडिगो के मौजूदा संकट के चलते यह विज्ञापन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।

क्या है इंडिगो का संकट?

पिछले एक सप्ताह से इंडिगो को पायलटों और क्रू की अचानक कमी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे कई उड़ानें रद्द, विलंबित और री-शेड्यूल करनी पड़ी हैं। यह स्थिति तब उत्पन्न हुई जब एयरलाइन ने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) द्वारा पिछले वर्ष जारी किए गए संशोधित फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नियमों को लागू किया।

नए FDTL नियमों के तहत पायलटों के कार्य समय और विश्राम अवधि से संबंधित सख्त प्रावधान किए गए हैं, जिससे इंडिगो के उड़ान संचालन पर सीधा असर पड़ा है।

एयर इंडिया के इंस्टाग्राम पोस्ट में क्या कहा गया?

एयर इंडिया ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा—

“भारतीय एविएशन के भविष्य को कमांड करें। हम अपने बढ़ते फ्लीट में शामिल होने के लिए अनुभवी B737 और A320 पायलटों को आमंत्रित कर रहे हैं। 22 दिसंबर तक आवेदन करें।”

कंपनी ने स्पष्ट किया कि:

  • A320 फ्लीट के लिए केवल अनुभवी ‘टाइप-रेटेड’ कमांड पायलटों की भर्ती होगी।

  • B737 फ्लीट के लिए टाइप-रेटेड और नॉन-टाइप-रेटेड दोनों तरह के पायलट योग्य होंगे।

टाइप-रेटिंग वह प्रमाणन होता है, जो किसी पायलट द्वारा किसी विशेष विमान पर ट्रेनिंग और टेस्टिंग पूरी करने के बाद दिया जाता है।

क्यों अहम है यह घोषणा?

एयर इंडिया की यह भर्ती ऐसे वक्त पर सामने आई है, जब इंडिगो नए FDTL नियमों के चलते अपने उड़ान संचालन को स्थिर करने के लिए संघर्ष कर रही है और उसे भी अतिरिक्त पायलटों की जरूरत है। ऐसे में एयर इंडिया का यह कदम एविएशन सेक्टर में प्रतिस्पर्धा को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।

(Visited 396 times, 1 visits today)