कुंभ से पहले PNG नेटवर्क पर जोर, मुख्य सचिव ने कंपनियों को दी डेडलाइन

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) का नेटवर्क तेजी से विस्तार करने की तैयारी है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय में PNG पाइपलाइन और कनेक्शन कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों, गैस कंपनियों और जिलाधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि बारिश का दौर खत्म होते ही सड़क खुदाई की अनुमति मिलने पर पाइपलाइन बिछाने का काम युद्धस्तर पर शुरू किया जाए। हरिद्वार में कुंभ-2027 से पहले PNG से जुड़े सभी जरूरी कार्य पूरे करने पर विशेष जोर दिया गया।

उन्होंने सभी जिलों में गैस एजेंसियों को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा, ताकि भविष्य में बनने वाली सड़कों और अन्य निर्माण परियोजनाओं में पहले से ही PNG पाइपलाइन के लिए प्रावधान रखा जा सके। इससे बार-बार सड़क खोदने की जरूरत नहीं पड़ेगी और सरकारी संसाधनों की बचत होगी।

जमीन और रोड कटिंग की नीति जल्द

मुख्य सचिव ने आपूर्ति विभाग को PNG प्लांट और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए भूमि आवंटन, किराये और लीज से जुड़ी स्पष्ट नीति तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही रोड कटिंग और रोड डिगिंग से संबंधित प्रावधान भी नीति में शामिल करने को कहा।

उन्होंने निर्देश दिए कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों और सार्वजनिक परिसंपत्तियों को निर्धारित मानकों के अनुसार जल्द पूर्व स्थिति में लाया जाए।

हर सप्ताह तय होंगे लक्ष्य

परियोजनाओं में देरी रोकने के लिए प्रत्येक एजेंसी को विस्तृत टाइमलाइन तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। काम को साप्ताहिक लक्ष्यों में बांटकर नियमित प्रगति की समीक्षा की जाएगी, ताकि परियोजनाएं तय समय सीमा में पूरी हो सकें।

मुख्य सचिव ने भारत सरकार की गोवर्धन योजना के तहत उपलब्ध सब्सिडी का लाभ उठाने के लिए भी अधिकारियों को प्रभावी कदम उठाने को कहा।

बैठक में अपर सचिव रूचि मोहन रयाल, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा, आयुक्त खाद्य एवं आपूर्ति बी.एल. राणा, अपर आयुक्त पी.एस. पांगती समेत विभिन्न जिलों के जिलाधिकारी और गैस कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

 
(Visited 17 times, 1 visits today)