ऋषिकेश: चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। यात्रा मार्ग पर चलने वाले व्यावसायिक वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड बनाने की प्रक्रिया 23 मार्च से एआरटीओ कार्यालय ऋषिकेश में शुरू होगी। बिना ग्रीन कार्ड के किसी भी वाहन को यात्रा मार्ग पर संचालित नहीं होने दिया जाएगा।
परिवहन विभाग हर साल चारधाम यात्रा के लिए बस, टैक्सी और अन्य व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस और दस्तावेजों की जांच के बाद ही ग्रीन कार्ड जारी करता है। ग्रीन कार्ड मिलने के बाद ही वाहन यात्रियों को लेकर चारधाम मार्ग पर जा सकते हैं। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर विभाग की ओर से चेक पोस्ट भी बनाए जाते हैं, जहां ग्रीन कार्ड की जांच की जाती है।
एआरटीओ प्रशासन आरएस कटारिया ने बताया कि 23 मार्च को सुबह 11 बजे ग्रीन कार्ड बनाने की प्रक्रिया का शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने बस, टैक्सी और मैक्सी यूनियनों के पदाधिकारियों, वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि वे कार्य दिवसों में अपने वाहनों को कार्यालय लाकर फिटनेस जांच कराएं और समय से ग्रीन कार्ड प्राप्त करें।
बदरीनाथ के लिए पंजीकरण 2 लाख पार
चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। बदरीनाथ धाम के लिए ऑनलाइन पंजीकरण दो लाख के पार पहुंच चुका है।
चारधाम यात्रा प्रशासन के अनुसार, अब तक चारों धाम और हेमकुंड साहिब के लिए कुल 6,86,305 पंजीकरण हो चुके हैं।
धामवार पंजीकरण आंकड़े (बुधवार शाम 5 बजे तक):
-
यमुनोत्री: 1,25,366
-
गंगोत्री: 1,28,253
-
केदारनाथ: 2,29,295
-
बदरीनाथ: 2,02,622
-
हेमकुंड साहिब: 769
विशेष कार्याधिकारी डा. प्रजापति नौटियाल ने बताया कि ऑफलाइन पंजीकरण 17 अप्रैल से शुरू होंगे।
