आपदा पीड़ितों को 6 महीने का मुफ्त राशन और ₹5 लाख तक सहायता: सीएम धामी

 

 

 

TMP: उत्तरकाशी के धराली और हर्षिल क्षेत्र में आई आपदा के बाद राहत और बचाव कार्य तेज़ी से जारी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को जानकारी देते हुए कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना और उन्हें आवश्यक मदद उपलब्ध कराना है। खराब मौसम के बावजूद अब तक 1000 से अधिक लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है, जिनमें स्थानीय निवासी और देशभर से आए तीर्थ यात्री शामिल हैं। घायलों को जिला अस्पताल और एम्स में भर्ती कराया गया है और उनके इलाज की पूरी व्यवस्था की गई है।

आपदा प्रभावित हर्षिल और धराली में दवाइयां, दूध, राशन और कपड़े पर्याप्त मात्रा में पहुंचा दिए गए हैं। बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए उरेडा का पावर हाउस चालू किया गया है, जबकि यूपीसीएल बिजली तारों की मरम्मत में जुटा है। मोबाइल कनेक्टिविटी सुधारी गई है और 125 केवी के दो जनरेटर सेट भी मौके पर पहुंचाए गए हैं। सड़क संपर्क बहाल करने के लिए गंगनानी में बेली ब्रिज का निर्माण तेजी से हो रहा है और मंगलवार तक हर्षिल तक सड़क मार्ग पूरी तरह खोलने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों को अगले 6 महीने का मुफ्त राशन देगी। जिन लोगों के मकान पूरी तरह नष्ट हो गए हैं, उन्हें पुनर्वास और विस्थापन के लिए ₹5 लाख की सहायता राशि दी जाएगी। इसके लिए सचिव, राजस्व की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति बनाई गई है, जो प्रभावितों के पुनर्वास और हानि का आकलन करेगी। सेब के बगीचों को हुए नुकसान का भी सर्वे कराया जाएगा।

सीएम धामी ने बताया कि पौड़ी जिले के सैंजी और बांकुड़ा गांव के क्षतिग्रस्त मकानों के लिए भी ₹5 लाख तक की सहायता दी जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य के किसी भी आपदा प्रभावित क्षेत्र को मदद से वंचित नहीं रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी राज्य सरकार को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया है और केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है।

(Visited 409 times, 1 visits today)