मां के नाम एक पौधा, गंगा घाट पर स्वच्छता का संकल्प – सीएम धामी ने दिए पर्यावरण और सेवा के संदेश

 

 

हरिद्वार: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हरिद्वार के मेला नियंत्रण भवन परिसर में रुद्राक्ष का पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का भावनात्मक संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मां और प्रकृति दोनों की सेवा करना हमारा कर्तव्य है, और इस अभियान का उद्देश्य है हर व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाने के लिए प्रेरित करना।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्लोबल वॉर्मिंग और पर्यावरणीय असंतुलन को रोकने में वृक्षों की भूमिका अमूल्य है, और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान समाज में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

गंगा घाट पर झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश

पौधारोपण के बाद मुख्यमंत्री सीसीआर के पास स्थित गंगा घाट पहुंचे और वहां स्वच्छता अभियान में हिस्सा लेते हुए स्वयं झाड़ू लगाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत मिशन को उत्तराखंड में पूरी निष्ठा से लागू किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं से अपील की कि वे यात्रा के दौरान स्वच्छता बनाए रखें और गंगा के पवित्र घाटों को साफ-सुथरा रखें।

श्रद्धालुओं से मिलकर पूछा यात्रा का हाल

गंगा घाट पर जब मुख्यमंत्री श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे तो वे हैरान रह गए और उत्साहित होकर उनके साथ फोटो खिंचवाए। मुख्यमंत्री ने बाहर से आए यात्रियों से सीधा संवाद करते हुए यात्रा मार्ग, ठहरने की सुविधा, खानपान और सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी ली।

श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री धामी की सादगी, सहजता और संवाद क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड ने उन्हें घर जैसा अहसास कराया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक दिन में पर्यावरण, स्वच्छता और सेवा तीनों क्षेत्रों में नजीर पेश की।एक पेड़ मां के नाम’ अभियान और गंगा घाट पर स्वच्छता अभियान के जरिए उन्होंने उत्तराखंड को हरित और स्वच्छ राज्य बनाने के अपने संकल्प को और मजबूत किया है।

(Visited 258 times, 1 visits today)