धराली में रक्षाबंधन पर स्वास्थ्य सचिव बने ‘जमीनी कमांडर’, घायलों से लेकर जवानों तक बढ़ाया हौसला

 

 

 

उत्तरकाशी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेश के स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने रक्षाबंधन के दिन धराली पहुंचकर आपदा राहत और बचाव कार्यों की कमान खुद संभाली। ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया और स्वास्थ्य टीमों, SDRF, NDRF, ITBP व स्थानीय स्वयंसेवकों का मनोबल बढ़ाया।

शनिवार को 158 लोग चिन्यालीसौड़ और 170 लोग मातली हेलीपैड पर पहुंचे, जिनका स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। धराली पहुंचते ही माहौल भावुक हो गया, जब महिलाओं और चिकित्सा स्टाफ ने स्वास्थ्य सचिव को राखी बांधकर अपना स्नेह जताया। डॉ. कुमार ने आश्वासन दिया, “स्वास्थ्य विभाग आपके साथ खड़ा है, ज़रूरत पड़ी तो चौबीसों घंटे यहीं रहेंगे।”

निरीक्षण के दौरान उन्होंने SDRF, NDRF और ITBP जवानों से मुलाकात कर उनके जज़्बे की सराहना की और जवानों के साथ भोजन भी किया। घायलों और बीमारों से मिलकर उन्होंने सभी बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएं तुरंत उपलब्ध कराने का भरोसा दिया और भविष्य में क्षेत्र के लिए दीर्घकालिक स्वास्थ्य योजना बनाने की घोषणा की।

धराली पहुंचने से पहले स्वास्थ्य सचिव ने चिन्यालीसौड़ हेलीपैड और मातली स्थित ITBP राहत शिविरों का निरीक्षण किया, यात्रियों व आपदा प्रभावित लोगों से संवाद किया और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को परखा। यहां भी महिला स्वास्थ्यकर्मियों ने उन्हें राखी बांधकर अपना सम्मान व्यक्त किया।

चिन्यालीसौड़ से धराली तक विशेषज्ञ डॉक्टरों के नेतृत्व में 24 घंटे सक्रिय स्वास्थ्य टीमों की तैनाती की गई है। जिला चिकित्सालय में भी उन्होंने मरीजों का हालचाल लिया और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

(Visited 624 times, 1 visits today)