टिहरी झील में इंटरनेशनल प्रेसीडेंट कप और वाटर स्पोर्ट्स कप का भव्य समापन, सीएम धामी ने खिलाड़ियों का किया उत्साहवर्धन

 

 

 

 

टिहरी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को टिहरी झील में आयोजित “इंटरनेशनल प्रेसीडेंट कप–2025” एवं “चतुर्थ टिहरी वाटर स्पोर्ट्स कप–2025” के भव्य समापन समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर पहुँचकर उन्होंने भारत सहित विभिन्न देशों से आए खिलाड़ियों से संवाद किया और उनके उत्साह, साहस व उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 22 देशों के 300 से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी इस आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेष महत्व प्रदान करती है और इससे टिहरी झील वैश्विक साहसिक खेल मानचित्र पर सशक्त रूप से स्थापित हो रही है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए टीएचडीसी, एशियन कायकिंग एंड कैनोइंग एसोसिएशन, उत्तराखंड ओलंपिक एसोसिएशन सहित सभी सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी झील अब केवल ऊर्जा उत्पादन और जल प्रबंधन का केंद्र नहीं रह गई है, बल्कि यह पर्यटन, साहसिक खेलों और स्थानीय लोगों की आजीविका के नए अवसरों का प्रमुख आधार बन चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि भविष्य में भी यहां इस तरह के अंतरराष्ट्रीय आयोजन होते रहें, ताकि पर्यटन और खेल गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा मिल सके।

खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का माध्यम — सीएम

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि खेल केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये युवाओं में अनुशासन, टीमवर्क, संघर्षशीलता और नेतृत्व क्षमता जैसे जीवन मूल्यों को भी सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों के माध्यम से देश में खेल संस्कृति को नई मजबूती मिलने की बात कही।

उन्होंने बताया कि हाल के वर्षों में ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करने वाले भारतीय खिलाड़ियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, तथा वर्ष 2023 में चीन में आयोजित एशियाई खेलों में भारत ने रिकॉर्ड 107 पदक जीतकर नया इतिहास रचा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भारत वर्ष 2030 में अहमदाबाद में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करेगा और केंद्र सरकार द्वारा खेल बजट को तीन गुना बढ़ाया गया है

 ‘देवभूमि’ के साथ अब ‘खेलभूमि’ भी बना उत्तराखंड

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों की सफलता ने राज्य को “देवभूमि” के साथ-साथ “खेलभूमि” के रूप में भी पहचान दिलाई है। उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य के खिलाड़ियों ने पहली बार 103 पदक जीतकर 7वाँ स्थान प्राप्त किया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना विकसित की जा रही है, जिसके कारण उत्तराखंड अब अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी करने में सक्षम हो चुका है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि हाल ही में देहरादून स्पोर्ट्स स्टेडियम के आइस रिंक में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का सफल आयोजन हुआ, जिससे भारत में शीतकालीन खेलों के एक नए युग की शुरुआत हुई है।

जल्द लागू होगा ‘स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान’

मुख्यमंत्री श्री धामी ने घोषणा की कि राज्य में शीघ्र ही “स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान” लागू किया जाएगा, जिसके अंतर्गत आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियाँ स्थापित की जाएँगी। इन अकादमियों में प्रत्येक वर्ष 920 अंतरराष्ट्रीय स्तर के एथलीट और 1000 अन्य खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि हल्द्वानी में राज्य का पहला खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना के लिए भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।

नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं को सरकारी नौकरी, स्पोर्ट्स कॉलेजों में निःशुल्क प्रशिक्षण, छात्रवृत्ति, खेल किट, मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना, उदीयमान खिलाड़ी योजना, मुख्यमंत्री खेल विकास निधि, उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार, हिमालय खेल रत्न पुरस्कार और देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य अवार्ड जैसी योजनाएं प्रभावी रूप से लागू की गई हैं। साथ ही राजकीय सेवाओं में खिलाड़ियों के लिए 4 प्रतिशत खेल-कोटा पुनः लागू किया गया है।

विजयी खिलाड़ियों को दी बधाई

समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने विजयी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना होती है और सभी खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से इसका उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने युवा खिलाड़ियों से निरंतर मेहनत करने का आह्वान करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार उनके सपनों को पंख देने के लिए हर संभव सहयोग देती रहेंगी। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि उत्तराखंड और देश के खिलाड़ी भविष्य में अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का परचम और ऊँचा लहराएंगे

(Visited 1,726 times, 1 visits today)