मुख्यमंत्री धामी ने प्रेम आश्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

 

 

 

 

हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को हरिद्वार स्थित प्रेम आश्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के जन्मदिवस पर आयोजित समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सतपाल महाराज को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन के लिए बाबा केदारनाथ और भगवान बद्रीविशाल से प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं को नवरात्रि पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं और कहा कि यह शक्ति की उपासना का पर्व सभी को नई ऊर्जा, भक्ति और सेवा भावना प्रदान करता है।

सतपाल महाराज के योगदान की सराहना

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह भव्य आयोजन महाराज जी के प्रति जनता के स्नेह और श्रद्धा का प्रतीक है। उन्होंने राजनीति के साथ-साथ समाजसेवा, संस्कृति संरक्षण और उत्तराखंड राज्य निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाई है। उनका जीवन सेवा, त्याग और परोपकार की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि “महाराज जी समाज में समरसता, प्रेम और भाईचारे के संदेशवाहक हैं। उनके नेतृत्व में मानव सेवा एवं उत्थान समिति ने देशभर में सामाजिक समरसता और मानव कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।”

पर्यटन और संस्कृति के क्षेत्र में योगदान

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार में वरिष्ठ मंत्री के रूप में सतपाल महाराज ने पर्यटन, संस्कृति और तीर्थाटन के विकास में अभूतपूर्व योगदान दिया है। चारधाम यात्रा, मानसखंड कॉरिडोर और तीर्थ स्थलों के पुनरुत्थान में उनकी अहम भूमिका रही है। उनके प्रयासों से उत्तराखंड को बेस्ट एडवेंचर टूरिज्म डेस्टिनेशन और राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कार जैसे सम्मान प्राप्त हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “मुझे यह सौभाग्य मिला है कि मैंने महाराज जी के जीवन और कार्यों को निकट से देखा है। वे ऐसे कर्मयोगी हैं, जो आध्यात्मिकता के साथ राष्ट्र सेवा का भी व्रत लिए हुए हैं।”

समारोह में उमड़ा जनसैलाब

समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, विधायक प्रदीप बत्रा, विधायक आदेश चौहान, विधायक दुर्गेश लाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, राज्य मंत्री राकेश गिरी, श्यामवीर सैनी, समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए।

इस अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और सामाजिक सेवा गतिविधियाँ भी आयोजित की गईं। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी आयोजकों को बधाई दी और श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे सतपाल महाराज के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज सेवा, आस्था और राष्ट्रनिर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।

(Visited 1,012 times, 4 visits today)