अखाड़ा परिषद ने आपदा राहत कोष में दिए ₹34 लाख, एक गांव को गोद लेने का लिया संकल्प

 

 

 

हरिद्वार: मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को डामकोठी, हरिद्वार में अखाड़ा परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान परिषद ने हाल ही में उत्तराखंड में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण हेतु मुख्यमंत्री राहत कोष में ₹34 लाख की सहयोग राशि भेंट की।

इसी के साथ परिषद ने एक आपदा प्रभावित गांव को गोद लेने का भी संकल्प लिया। मुख्यमंत्री धामी ने इस प्रयास को “सेवा और संवेदना का अनुकरणीय उदाहरण” बताते हुए संत समाज की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की सेवा परंपरा में साधु-संत समाज का योगदान हमेशा अग्रणी रहा है। आपदा के इस कठिन समय में उनका सहयोग प्रभावित परिवारों के लिए आशा और संबल की किरण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार तेजी से पुनर्वास और पुनर्निर्माण कार्य कर रही है और समाज के सभी वर्गों का सहयोग कार्यों को और गति दे रहा है।

इस अवसर पर अखाड़ा परिषद के संतों ने भी मुख्यमंत्री धामी के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा ग्राउंड जीरो पर जाकर प्रभावित परिवारों से संवाद करना और राहत कार्यों की स्वयं निगरानी करना उनके संवेदनशील नेतृत्व को दर्शाता है।

इस मौके पर महानिर्वाणी अखाड़े के महंत रविंद्र पुरी महाराज, श्री पंचायती नया अखाड़ा उदासीन अध्यक्ष महंत धुनी दास जी, महामंडलेश्वर हरिचेतनानंद, बाबा हठयोगी, स्वामी रूपेंद्र प्रकाश सहित अन्य संत मौजूद रहे।

(Visited 843 times, 1 visits today)