कैंची धाम पहुंची ‘हनुमान अंश’ की टीम, उत्तराखंड की संस्कृति और अपनापन देख हुई अभिभूत

 

 

 

 

नैनीताल/खटीमा। फिल्म ‘हनुमान अंश’ की टीम उत्तराखंड की प्राकृतिक खूबसूरती के साथ यहां की लोक संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत से भी प्रभावित हुई। सोमवार को फिल्म के कलाकारों और प्रोडक्शन टीम ने नैनीताल स्थित कैंची धाम पहुंचकर बाबा नीम करौली के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया।

टीम ने धाम में दर्शन की व्यवस्थाओं और चल रहे विकास कार्यों की भी सराहना की। फिल्म अभिनेता शोभिनव सत्या, अभिनेत्री पूर्णिमा तिवारी और प्रोड्यूसर रागिनी सोना ने उत्तराखंड प्रवास के दौरान मिले सम्मान और आत्मीयता के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।

आदि रंगोत्सव में दिखी उत्तराखंड की लोक संस्कृति

फिल्म टीम ने खटीमा में आयोजित आदि रंगोत्सव-2026 में भी हिस्सा लिया। यहां कलाकारों की लोकनृत्य प्रस्तुतियों, ढोल-दमाऊं और पारंपरिक वाद्य यंत्रों ने टीम का ध्यान खींचा।

टीम के सदस्यों ने कहा कि उत्तराखंड की लोक परंपराओं को इतने करीब से देखना उनके लिए यादगार अनुभव रहा। उन्होंने राज्य की संस्कृति और परंपराओं को अपनी यात्रा का खास हिस्सा बताया।

चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की भी सराहना

‘हनुमान अंश’ की टीम ने उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन को लेकर की जा रही व्यवस्थाओं की भी सराहना की। टीम ने कहा कि राज्य की प्राकृतिक सुंदरता के साथ इसकी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत देश-विदेश के लोगों को आकर्षित करती है।

टीम ने लोगों से उत्तराखंड आने और चारधाम समेत प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने की अपील की।

CM धामी का जताया आभार

कैंची धाम में दर्शन का अवसर मिलने और उत्तराखंड में स्वागत-सम्मान के लिए फिल्म टीम ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। टीम के सदस्यों ने कहा कि उत्तराखंड से मिला स्नेह और अपनापन उनके लिए लंबे समय तक यादगार रहेगा।

फिल्म टीम ने राज्य की संस्कृति, आध्यात्मिक स्थलों और पर्यटन को करीब से देखने के अनुभव को साझा करते हुए देशभर के लोगों को उत्तराखंड आने का संदेश भी दिया।

(Visited 19 times, 2 visits today)