NSA अजीत डोभाल पर राहुल गांधी की टिप्पणी से भड़की भाजपा, देहरादून में पुतला फूंककर जताया विरोध

 

 

 

देहरादून: राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी के खिलाफ भाजपा महानगर ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल की अगुवाई में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।

अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित विषयों पर टिप्पणी करते समय नेताओं को सार्वजनिक जिम्मेदारी और संयम का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने डोभाल की देश की सुरक्षा में भूमिका का उल्लेख करते हुए राहुल गांधी के बयान की आलोचना की।

भाजपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी उत्तराखंड से जुड़े अजीत डोभाल के नाम को राजनीतिक बहस में इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके अलावा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता से संबंधित मिमिक्री पर भी उन्होंने आपत्ति जताई।

प्रदर्शन में भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। पार्टी नेताओं ने राष्ट्रीय सुरक्षा, राष्ट्रहित और देश की एकता-अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

(Visited 582 times, 1 visits today)