चारधाम यात्रा में 50.56 लाख श्रद्धालु, CM धामी ने बढ़ाई निगरानी; सुरक्षा पर फोकस

 

 

 

 

देहरादून: चारधाम यात्रा-2026 में अब तक 50.56 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि यात्रा के लिए 66.07 लाख से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं। बढ़ती भीड़ और मौसम की चुनौती को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को सुरक्षा से लेकर यातायात तक हर स्तर पर सतर्क रहने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जिलाधिकारियों को यात्रा मार्गों पर मौसम, भूस्खलन और यातायात की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत-बचाव सुनिश्चित करने को कहा।

यमुनोत्री में भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर

यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए मुख्यमंत्री ने धाम से करीब 500 मीटर पहले दूसरा घोड़ा पड़ाव विकसित करने के निर्देश दिए। डंडी-कंडी सेवाओं को व्यवस्थित करने और खरसाली से वैकल्पिक मार्ग को लेकर भी कार्रवाई करने को कहा गया है।

पैदल मार्ग पर यात्रियों और घोड़े-खच्चरों की आवाजाही नियंत्रित रखने तथा सूर्यकुंड क्षेत्र में प्रभावी भीड़ प्रबंधन के निर्देश दिए गए।

केदारनाथ के संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता

केदारनाथ पैदल मार्ग के चीरबासा और भैरव ग्लेशियर क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। संवेदनशील स्थानों पर यात्रियों, घोड़े-खच्चरों और डंडी-कंडी की आवाजाही को नियंत्रित रखने के साथ जरूरत पड़ने पर तत्काल रेस्क्यू की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए।

घोड़े-खच्चरों के संचालन में निर्धारित मानकों का पालन, नियमित स्वास्थ्य जांच और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

सड़क, मौसम और स्वास्थ्य व्यवस्था पर फोकस

मुख्यमंत्री ने यमुनोत्री पैदल मार्ग के चौड़ीकरण की कार्रवाई तेज करने और गंगोत्री मार्ग को चौड़ा करने के साथ गड्ढामुक्त करने के काम में तेजी लाने को कहा। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी और स्यानाचट्टी में विशेष सतर्कता के निर्देश दिए गए।

ज्योतिर्मठ-मारवाड़ी मार्ग पर यातायात व्यवस्था बेहतर रखने और सड़क बंद होने की स्थिति में उसे जल्द खोलने के लिए पर्याप्त मशीनरी उपलब्ध रखने को कहा गया।

केदारनाथ और बदरीनाथ मार्गों पर स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, ऑक्सीजन और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं पर्याप्त रखने के निर्देश दिए गए।

50.56 लाख श्रद्धालु कर चुके दर्शन

बैठक में सामने आए आंकड़ों के मुताबिक 14 सितंबर 2026 की शाम 7 बजे तक 50,56,160 श्रद्धालु चारधाम और हेमकुंड साहिब में दर्शन कर चुके हैं।

  • यमुनोत्री: 7,08,407
  • गंगोत्री: 7,89,773
  • केदारनाथ: 14,98,544
  • बदरीनाथ: 17,36,619
  • हेमकुंड साहिब: 3,22,817

वहीं चारधाम यात्रा के लिए अब तक 66,07,749 यात्रियों का पंजीकरण हो चुका है।

हेली सेवा में ओवरचार्जिंग पर सख्ती

मुख्यमंत्री ने हेली सेवाओं के टिकट निर्धारित दरों पर ही उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिक किराया वसूलने या अनधिकृत टिकट बिक्री की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। खराब मौसम में हेली सेवा संचालन के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा गया है।

इसके अलावा यात्रा मार्गों पर पेयजल, शौचालय, बिजली, प्रकाश, शटल सेवा और स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा मोबाइल नेटवर्क वाले संवेदनशील क्षेत्रों में वैकल्पिक आपातकालीन संचार व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

 

(Visited 1 times, 1 visits today)