गोरखा डेमोक्रेटिक फ्रंट भाजपा में शामिल, 2027 की हैट्रिक का संकल्प

 

 

 

देहरादून : उत्तराखंड में भाजपा के विस्तार अभियान को बड़ी मजबूती मिली है। गोरखा समुदाय के राजनीतिक दल गोरखा डेमोक्रेटिक फ्रंट ने भारतीय जनता पार्टी में विलय कर लिया। फ्रंट के केंद्रीय अध्यक्ष सूर्य विक्रम शाही ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट को विलय पत्र सौंपा। इसके बाद शाही समेत फ्रंट के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को भाजपा की सदस्यता दिलाई गई।

शाही ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विकास कार्यों और सनातन के प्रति प्रतिबद्धता से प्रभावित होकर पार्टी के भाजपा में विलय का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं से विचार-विमर्श के बाद पाया गया कि दोनों के मुद्दे और विचार समान हैं। देश और उत्तराखंड के विकास के लिए पूरी पार्टी ने भाजपा में शामिल होने का फैसला किया।

शाही ने दावा किया कि उत्तराखंड के करीब 10 लाख गोरखा समुदाय से जुड़े मतदाता राज्य के विकास के लिए भाजपा के पक्ष में एकजुट होंगे। उन्होंने देहरादून, ऋषिकेश, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ समेत कई सीटों पर भाजपा की जीत में सहयोग का भरोसा जताया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने विलय का स्वागत करते हुए कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में भी गोरखा डेमोक्रेटिक फ्रंट ने भाजपा का समर्थन किया था। अब पार्टी में विलय से संगठन को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि गोरखा फ्रंट का निर्णय उत्तराखंड में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा पर भट्ट ने शोक जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारत की ओर से नेपाल को राहत सामग्री भेजी गई है और भाजपा भी गोरखा डेमोक्रेटिक फ्रंट के माध्यम से राहत राशि जुटाकर धामी सरकार के जरिए नेपाल की मदद का प्रयास करेगी।

कार्यक्रम में नेपाल त्रासदी में मृत लोगों की आत्मा की शांति के लिए एक मिनट का मौन रखा गया।

भाजपा में शामिल होने वालों में गोरखा डेमोक्रेटिक फ्रंट के उपाध्यक्ष एडवोकेट आरबी नेपाली, सेक्रेटरी प्रेम सिंह क्षेत्री, यूजीवीएल के पूर्व महाप्रबंधक इंजीनियर मेघ बहादुर थापा, पूर्व डीएफओ इंद्रेश उपाध्याय, रायपुर की पूर्व ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख शुभवंती उपाध्याय और ललित थापा प्रमुख रहे। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार समेत अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

(Visited 1 times, 1 visits today)