CM धामी को बहनों ने बांधा रक्षा सूत्र, बोले—मातृशक्ति का आशीर्वाद नई ऊर्जा देता है

 

 

 

देहरादून: रक्षा बंधन के अवसर पर बुधवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेशभर से पहुंची बहनों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को रक्षा सूत्र बांधा और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने बहनों का आत्मीय स्वागत करते हुए आभार जताया और प्रदेशवासियों को रक्षा बंधन की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षा बंधन भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पर्व है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की मातृशक्ति और बहनों का स्नेह व आशीर्वाद उन्हें उत्तराखंड की सेवा और राज्य के विकास के लिए निरंतर ऊर्जा देता है।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण को प्राथमिकता दी है। उन्होंने उज्ज्वला योजना, लखपति दीदी अभियान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं को महिलाओं के जीवन में बदलाव का माध्यम बताया।

उत्तराखंड में 3.09 लाख से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भी महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है। वहीं, प्रधानमंत्री की लखपति दीदी की परिकल्पना को उत्तराखंड में तेजी से लागू किया गया है और प्रदेश में 3 लाख 9 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं स्थानीय उत्पादों, कृषि, हस्तशिल्प और स्वरोजगार के जरिए अपनी आय बढ़ाने के साथ राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूत कर रही हैं।

महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना, मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तीकरण योजना और मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना सहित विभिन्न योजनाओं के जरिए महिलाओं को स्वरोजगार और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। महिला समूहों के उत्पादों को बेहतर बाजार दिलाने पर भी सरकार का फोकस है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति ने राज्य आंदोलन से लेकर प्रदेश के विकास तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, कृषि, उद्यमिता और सामाजिक क्षेत्र समेत हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति की भागीदारी से ही सशक्त उत्तराखंड और विकसित भारत का संकल्प पूरा होगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री की पत्नी गीता पुष्कर धामी, विधायक सविता कपूर और आशा नौटियाल, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष रुचि भट्ट समेत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाएं मौजूद रहीं।

(Visited 1 times, 1 visits today)