CM धामी के 5 साल की उपलब्धियों पर खास एल्बम, गीत-संगीत से दिखेगी उत्तराखंड की विकास यात्रा

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में राज्य सरकार के पांच वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों पर आधारित विशेष एल्बम गीत का विमोचन किया। पंचवटी फिल्म्स प्रोडक्शन और आदर्श औद्योगिक स्वायत्त सहकारिता संस्था की ओर से तैयार इस एल्बम में उत्तराखंड की विकास यात्रा और सरकार की प्रमुख उपलब्धियों को गीत-संगीत के जरिए प्रस्तुत किया गया है।

एल्बम का विमोचन करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने निर्माता-निर्देशक, गीतकार, संगीतकार, गायकों, कलाकारों और संस्था के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गीत-संगीत के माध्यम से राज्य में हो रहे सकारात्मक बदलावों और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास सराहनीय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने, पर्यटन को बढ़ावा देने, महिलाओं के सशक्तिकरण और युवाओं के लिए नए अवसर तैयार करने पर लगातार काम कर रही है। साथ ही उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराओं और देवभूमि की पहचान को संरक्षित रखते हुए विकास कार्यों को गति दी जा रही है।

कार्यक्रम में आदर्श संस्था की अध्यक्ष आशा कोठारी ने मुख्यमंत्री का शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने सरकार के विकास कार्यों और जनहित में लिए गए फैसलों की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने एल्बम के निर्माता उत्तम सिंह भंडारी, गायक विक्रम भंडारी और शिवानी नेगी तथा संगीतकार विजयपाल कलूड़ा समेत इससे जुड़े कलाकारों को सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन संस्था के सचिव हरीश कोठारी ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

(Visited 1 times, 1 visits today)