देहरादून: सीएम धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में उच्चस्तरीय बैठक कर 7 मार्च को प्रस्तावित केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah के हरिद्वार भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से सुनिश्चित की जाएं।
सुरक्षा और यातायात पर विशेष फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण नगरी है, ऐसे में कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखने, यातायात प्रबंधन की प्रभावी योजना बनाने और पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि कार्यक्रम स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और स्वास्थ्य सेवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
बैठक में गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय, जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अब तक की तैयारियों और विभागवार प्रगति की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
सीएम धामी ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम की प्रत्येक व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए, ताकि केंद्रीय गृह मंत्री का हरिद्वार दौरा सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।