रुड़की में महिला लापता, दो साल के मासूम को लेकर थाने पहुंचा पति, पुलिस से लगाई गुहार

 

 

 

रुड़की: सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र से एक मार्मिक मामला सामने आया है, जहां एक युवक की पत्नी अचानक लापता हो गई। परेशान युवक अपने दो साल के बेटे को गोद में लेकर थाने पहुंचा और पुलिस से पत्नी को तलाशने की गुहार लगाई।

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की शादी लगभग पांच वर्ष पूर्व हुई थी। दंपति का एक दो वर्षीय बेटा है। बुधवार को युवक की पत्नी संदिग्ध परिस्थितियों में घर से निकल गई और उसके बाद वापस नहीं लौटी। युवक ने पहले स्तर पर खुद ही रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में खोजबीन की, लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं मिल सका।

युवक को कुछ लोगों ने बताया कि महिला को किसी व्यक्ति के साथ जाते हुए देखा गया है। इसके बाद युवक ने पत्नी के मायके में भी संपर्क किया, लेकिन वहां से भी कोई जानकारी नहीं मिल पाई।

थाने पहुंचे युवक ने पुलिस को बताया कि उसका मासूम बेटा लगातार रो रहा है और मां के बिना उसे संभालना उसके लिए बेहद मुश्किल हो रहा है। उसने भावुक होकर पत्नी की जल्द तलाश करने की मांग की।

पुलिस ने युवक की शिकायत दर्ज कर ली है और महिला की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू करने का आश्वासन दिया है।

(Visited 954 times, 1 visits today)