TPS: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के क्रम में प्रदेशभर में आमजन तक केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाने तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी सचिव रुद्रप्रयाग डॉ. आर. राजेश कुमार ने जनपद का दौरा कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया।
जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग प्रतीक जैन के नेतृत्व में जनपद की 27 न्याय पंचायतों में चरणबद्ध रूप से बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 05 फरवरी 2026 को न्याय पंचायत सतेराखाल के अंतर्गत ग्राम कमेड़ा में “प्रशासन गांव की ओर” बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता प्रभारी सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने की।
स्टॉलों का निरीक्षण, अधिक से अधिक लाभ मौके पर देने के निर्देश
प्रभारी सचिव ने शिविर स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि शिविरों का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि पात्र लोगों को तत्काल लाभ पहुंचाना है।
एक ही स्थान पर मिली योजनाओं की सुविधा
शिविर में उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण, कृषि, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, उद्योग, समाज कल्याण, पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य विभाग (आयुष्मान आरोग्य शिविर), राजस्व, महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास, पूर्ति विभाग सहित अनेक विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही सेवाएं प्रदान की गईं।
पेंशन, आयुष्मान, प्रमाण पत्र सहित कई सेवाएं उपलब्ध
शिविर में वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड, आधार सेवाएं, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, समान नागरिक संहिता पंजीकरण, राशन कार्ड ई-केवाईसी, एलपीजी केवाईसी, स्वरोजगार एवं आजीविका योजनाओं सहित अनेक सेवाओं का लाभ ग्रामीणों को एक ही स्थान पर मिला।
जनसुनवाई में आईं 35 समस्याएं
शिविर में आयोजित जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों द्वारा कुल 35 समस्याएं रखी गईं, जिनमें से 20 समस्याओं का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष समस्याओं के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
पेयजल, सड़क और बिजली की समस्याएं र प्रमुख
ग्रामीणों ने तल्ला नागपुर पेयजल पंपिंग योजना से पर्याप्त जलापूर्ति न होने, कमेड़ा के आंतरिक क्षेत्रों में पेड़ कटान, खराल तोक से क्यार्क तक पैदल मार्ग निर्माण, सड़क मरम्मत, सोलर लाइट स्थापना, राशन कार्ड, विद्युत आपूर्ति, आवास, सड़क डामरीकरण, पेयजल, मुआवजा एवं गौशाला से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। ग्राम प्रधान ऊषा देवी ने खराल, चांदियूं एवं गढ़धार क्षेत्र को नगर पालिका में सम्मिलित न करने का अनुरोध किया, जबकि ग्रामीण उमाशंकर सेमवाल ने लोक निर्माण विभाग द्वारा अधिग्रहित भूमि का मुआवजा न मिलने की शिकायत दर्ज कराई।
मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे प्रभारी सचिव
प्रभारी सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है और वे मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में यहां उपस्थित हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन समस्याओं के समाधान के लिए समयसीमा तय की गई है, उनका निस्तारण निर्धारित समय में सुनिश्चित किया जाए।
डॉ. आर. राजेश कुमार का बयान
प्रभारी सचिव ने कहा कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के माध्यम से सरकार सीधे जनता के बीच पहुंच रही है। इन बहुउद्देशीय शिविरों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रशासन की जिम्मेदारी है कि जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता और समयबद्ध ढंग से किया जाए। सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद ही सुशासन की सबसे बड़ी पहचान है।
