रुद्रप्रयाग : कड़ाके की ठंड और भारी बर्फबारी के बीच केदारनाथ धाम की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शीतकाल के दौरान धाम की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस बार भी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) को तैनात किया गया है। वर्तमान में मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में ITBP के करीब 30 जवान ड्यूटी पर हैं, जबकि उत्तराखंड पुलिस के पांच कर्मी भी लगातार सेवाएं दे रहे हैं।
प्रशासन का उद्देश्य है कि बर्फबारी और अत्यधिक ठंड के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की ढील न आए। इसी को ध्यान में रखते हुए हर वर्ष की तरह इस साल भी शासन ने शीतकाल के लिए ITBP की तैनाती सुनिश्चित की है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, कपाट बंद होने के बाद पूरे शीतकाल के दौरान ITBP के जवान केदारनाथ धाम में सुरक्षा और निगरानी की जिम्मेदारी निभाते हैं।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी कपाट बंद होने के साथ ही ITBP के 30 जवानों को धाम में तैनात किया गया है। इनके साथ पुलिस के पांच जवान भी मौजूद रहकर आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि केदारनाथ मंदिर के गर्भगृह के स्वर्ण मंडित होने के बाद बदरी-केदार मंदिर समिति ने शीतकाल में अतिरिक्त सुरक्षा की आवश्यकता जताई थी। इसके बाद वर्ष 2022 से लगातार कपाट बंद होने से लेकर कपाट खुलने तक ITBP की तैनाती की परंपरा शुरू की गई, जिसे इस वर्ष भी जारी रखा गया है।
