देहरादून: जनपद चमोली के विकासखंड पोखरी क्षेत्र में विद्यालय परिसर के पास हुई भालू हमले की घटना को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंभीरता से लेते हुए तुरंत संज्ञान में लिया। मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मुख्यमंत्री ने हमले में घायल छात्र से दूरभाष पर बातचीत कर उसका हालचाल जाना और जल्द स्वस्थ होने का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उपचार, सुरक्षा और सहायता के हर स्तर पर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने संकट की घड़ी में साहस और सूझबूझ दिखाने वाली छात्राओं दिव्या और दीपिका से भी बातचीत की। उन्होंने भालू के सामने खड़े होकर अन्य बच्चों की जान बचाने वाली छात्राओं की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में दिखाई गई हिम्मत पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी जान की परवाह किए बिना साथियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना असाधारण साहस का उदाहरण है। उन्होंने छात्राओं का मनोबल बढ़ाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि ऐसे साहसी बच्चों को राज्य सरकार सदैव प्रोत्साहित करेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने जिला प्रशासन और वन विभाग को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल गश्त बढ़ाई जाए। विद्यालयों, आंगनबाड़ियों और आबादी वाले इलाकों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि घायल छात्र को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दी जाए। अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और नागरिकों की जान-माल की रक्षा के लिए सरकार हर परिस्थिति में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।
