सीएम ने विकास योजनाओं, सुरक्षा, पर्यटन, सड़क मरम्मत, स्वास्थ्य सेवाओं और जनसुविधाओं की प्रगति पर दिए कड़े निर्देश

 

 

 

TMP: पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के सभी जिलाधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वर्चुअल माध्यम से विस्तृत समीक्षा बैठक की। उन्होंने राज्य स्थापना की रजत जयंती पर आयोजित सफल आयोजन के लिए अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि माननीय राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए मार्गदर्शन राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

आध्यात्मिक राजधानी के विज़न पर बड़ा फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड को “विश्व की आध्यात्मिक राजधानी” बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इसके तहत हर ब्लॉक में एक गाँव को “आध्यात्मिक गाँव” के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें योग केंद्र, आयुर्वेदिक स्वास्थ्य सुविधाएँ, ध्यान स्थल और मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम शामिल होंगे। इससे स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिलेगा और राज्य को वैश्विक पर्यटन में नई पहचान मिल सकेगी।

‘एक जिला, एक मेला’—स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई उड़ान

सीएम धामी ने “एक जिला, एक मेला” अभियान को स्थानीय संस्कृति, कला, शिल्प और आर्थिकी को सशक्त बनाने वाली ऐतिहासिक पहल बताया। चयनित मेलों को राजकीय मेला घोषित किया जाएगा, जिसके बाद उन्हें वित्तीय सहायता, प्रचार-प्रसार और विशेष संरक्षण मिलेगा। आयोजक पूर्व की तरह ही रहेंगे और सरकार केवल सहयोग देगी।

वाइब्रेंट विलेज योजना—सीमांत गांवों को मिलेगा नया जीवन

सीमा क्षेत्रों को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के अंतर्गत होमस्टे, कृषि, उद्यानिकी, सौर ऊर्जा और स्वरोजगार गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सीएम ने कहा कि प्रत्येक सीमांत गांव को “अट्रैक्शन पॉइंट” के रूप में विकसित करने की स्पष्ट रणनीति बनाई जाए।

शीतकालीन चारधाम यात्रा और पर्यटन—विशेष पैकेज जल्द

मुख्यमंत्री ने शीतकालीन चारधाम यात्रा के लिए तैयारियाँ तेज करने के निर्देश दिए। जीएमवीएन और केएमवीएन को इस सीजन के लिए विशेष छूट पैकेज तैयार करने के आदेश दिए गए, ताकि अधिक पर्यटक आकर्षित हों और स्थानीय लोगों को रोजगार मिले। साथ ही, होटलों, होमस्टे संचालकों और सेवाप्रदाताओं के साथ बेहतर समन्वय का निर्देश दिया।

सीएसआर फंड का प्रभावी उपयोग

सीएम धामी ने कहा कि सीएसआर फंड का उपयोग ऐसे जनहित के कार्यों में किया जाए, जिनसे जनता को सीधे लाभ मिले और स्थानीय विकास को गति मिले।

स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और अलाव की व्यवस्था पर निर्देश

उन्होंने शीतकालीन चारधाम यात्रा के दौरान अलाव, रेन बसेरा और बर्फ हटाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। यात्रा समाप्ति के बाद मार्गों की सफाई और कचरा निस्तारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए, ताकि धार्मिक स्थलों की स्वच्छता और प्राकृतिक सौंदर्य अक्षुण्ण रहे।

जीआई टैग वाले उत्पाद—निर्यात की ओर बढ़े राज्य

मुख्यमंत्री ने जीआई टैग उत्पादों को निर्यात योग्य बनाने के लिए जिलों को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

साथ ही, प्रत्येक जिले में पर्यटन स्थलों के विकास की योजना बनाने पर जोर दिया।

सुरक्षा—सीमा क्षेत्रों से लेकर शहरों तक कड़ी नजर

सीएम धामी ने राष्ट्रीय और आंतरिक सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए जिला स्तर पर नियमित सत्यापन और निरीक्षण अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी की रियल-टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने और नशा मुक्ति अभियान के लिए समर्पित टीम गठित करने को कहा।

सड़कें होंगी गड्ढा मुक्त—कड़ाई से करवाएं काम

राज्य में बढ़ते ट्रैफिक जाम और खराब सड़कों पर कड़ा रूख अपनाते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि—

  • राज्य की सभी सड़कें प्राथमिकता से गड्ढा मुक्त की जाएं

  • मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता पर कड़ी निगरानी रखी जाए

  • जिन क्षेत्रों में सड़कें बार-बार खराब होती हैं, उन्हें चिन्हित कर विशेष मॉनिटरिंग की जाए

  • जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान हो

स्थायी निवासी प्रमाणपत्र—तीन साल का रिकॉर्ड खंगालें

सीएम ने पिछले तीन साल में बने स्थाई निवासी प्रमाणपत्रों की जांच के आदेश दिए और गलत प्रमाणपत्र जारी करने में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की बात कही।

स्पिरिचुअल इकोनॉमिक जोन—नई संभावनाओं की खोज

अल्मोड़ा के द्वाराहाट, चंपावत के श्यामलाताल-देवी धूरा सहित कई क्षेत्रों में “स्पिरिचुअल इकोनॉमिक जोन” विकसित करने की संभावनाओं पर जिलाधिकारियों को विस्तृत सर्वेक्षण करने के लिए कहा गया।

स्वास्थ्य सेवाओं पर सख्त निगरानी

जिलाधिकारियों को स्वास्थ्य सुविधाओं की सतत मॉनिटरिंग, औचक निरीक्षण और जनता तक सेवा की समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीएम हेल्पलाइन, तहसील दिवस, जनसुनवाई जैसे प्लेटफार्मों की नियमित समीक्षा पर भी जोर दिया।

बैठक में वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, एडीजी अभिसूचना एवं सुरक्षा अभिनव कुमार, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

(Visited 2,711 times, 1 visits today)