CM धामी से मिलीं महिला क्रिकेट विश्व कप विजेता स्नेह राणा – कहा, उत्तराखंड की बेटियां बन रही हैं देश की नई प्रेरणा

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में महिला क्रिकेट विश्व कप विजेता टीम की सदस्य एवं उत्तराखंड की गौरव, क्रिकेटर स्नेह राणा ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव खेल श्री अमित सिन्हा भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने स्नेह राणा को भारतीय महिला क्रिकेट टीम की शानदार जीत पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल देश के लिए, बल्कि उत्तराखंड के लिए भी गर्व का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्नेह राणा ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, संघर्षशीलता और खेल के प्रति समर्पण से भारत और उत्तराखंड का नाम विश्व पटल पर रोशन किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्नेह राणा जैसी खिलाड़ी प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग और प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य की खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, नौकरी और आर्थिक सहायता जैसी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।

स्नेह राणा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार की ओर से खिलाड़ियों को जो सहयोग और प्रोत्साहन मिल रहा है, उससे उत्तराखंड में खेलों का वातावरण और अधिक सशक्त हुआ है। उन्होंने कहा कि वह भविष्य में भी देश और प्रदेश का नाम ऊंचा करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगी।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने स्नेह राणा को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि उत्तराखंड की खेल प्रतिभाओं के लिए एक नया प्रेरक अध्याय है, जो आने वाली पीढ़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा।

(Visited 704 times, 1 visits today)