देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में मई 2025 में माउंट एवरेस्ट फतह करने वाले 16 वर्षीय सचिन कुमार ने शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने उन्हें इस अद्भुत और साहसिक उपलब्धि पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इतनी कम उम्र में एवरेस्ट फतह करना साहस, दृढ़ निश्चय और परिश्रम का प्रेरक उदाहरण है। सचिन ने न केवल अपने परिवार और प्रदेश, बल्कि पूरे देश का नाम ऊँचा किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भूमि वीरता की भूमि है और राज्य के युवा आज हर क्षेत्र में देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पर्वतारोहण, खेल और साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनाएं चला रही है और प्रतिभाशाली युवाओं को हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है।
सचिन कुमार ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उनसे मिलना प्रेरणादायक अनुभव रहा और वे आगे भी देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
