राष्ट्रीय मंच पर चमका उत्तराखंड: ‘अष्ट तत्त्व और एकत्व’ झांकी ने एकता परेड में बिखेरी देवभूमि की अनूठी छटा

 

 

 

 

TMP: सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के सामने आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में देशभर के चुनिंदा आठ राज्यों को अपनी झांकी प्रस्तुत करने का अवसर मिला। इनमें उत्तराखंड की झांकी सबसे अलग और आकर्षक रही, जिसने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

‘अष्ट तत्त्व और एकत्व’ थीम पर आधारित इस झांकी के माध्यम से उत्तराखंड ने न केवल अपने धार्मिक और प्राकृतिक वैभव को प्रदर्शित किया, बल्कि यह संदेश भी दिया कि विविधता में ही एकता की सच्ची भावना बसती है। झांकी में चारधाम की झलक, हिमालय की गोद में बसे तीर्थ स्थल, लोकसंस्कृति की रंगत और राज्य के विकास की झलक को खूबसूरती से पिरोया गया था।

राज्य के लोक कलाकारों के दल ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर समूचे वातावरण को देवभूमि की संस्कृति में रंग दिया। दर्शक दीर्घा में बैठे लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।

उत्तराखंड की झांकी के नोडल अधिकारी एवं सूचना विभाग के संयुक्त निदेशक श्री के.एस. चौहान ने बताया कि एकता परेड में राज्य की इस प्रस्तुति को राष्ट्रीय स्तर पर अपार सराहना मिली है। उन्होंने कहा कि यह उत्तराखंड की संस्कृति, अध्यात्म और विकास दृष्टि का सुंदर संगम था, जिसने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को सार्थक किया।

सूचना विभाग के संयुक्त निदेशक के नेतृत्व में तैयार इस झांकी ने साबित किया कि उत्तराखंड न केवल प्रकृति और अध्यात्म की धरती है, बल्कि यह निरंतर प्रगति और सांस्कृतिक समृद्धि की दिशा में भी अग्रसर है।

(Visited 388 times, 1 visits today)