नंदा देवी राजजात यात्रा 2026 की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री से प्रतिनिधिमंडल की भेंट, सीएम ने दिए निर्देश

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में श्री नंदा देवी राजजात समिति के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुंवर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली माँ नंदा देवी राजजात यात्रा की तैयारियों एवं समुचित प्रबंधन से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि इस ऐतिहासिक और विश्वप्रसिद्ध यात्रा के सफल, सुरक्षित एवं भव्य आयोजन हेतु शासन स्तर पर वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को एक प्रभावी एवं समेकित कार्ययोजना बनाकर वर्ष 2025 के अंत तक सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदा देवी राजजात यात्रा उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और लोक परंपरा का प्रतीक है। इसके गरिमामय आयोजन के लिए सभी विभागों को परस्पर समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस आयोजन को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए स्थानीय लोक कलाकारों, ग्राम पंचायतों और स्वयंसेवी संस्थाओं को अधिक से अधिक सहभागिता देने का प्रयास किया जाएगा, ताकि यह यात्रा जन-आस्था के साथ-साथ लोक संस्कृति का भी भव्य उत्सव बने।

(Visited 620 times, 1 visits today)