दीपावली पर रहेगा मौसम साफ, 22 अक्तूबर को ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार

photo- symbolic image

 

 

 

देहरादून: दीपावली के अवसर पर उत्तराखंड में मौसम साफ और सुहावना रहेगा। हालांकि 22 अक्तूबर को उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर और रुद्रप्रयाग जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वहीं अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 21 अक्तूबर (सोमवार) और 22 अक्तूबर (मंगलवार) को अधिकांश स्थानों पर आसमान साफ रहेगा। 23 से 25 अक्तूबर तक भी प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा।

मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल के अनुसार, “प्रदेश से मानसून की विदाई पूरी तरह हो चुकी है। ला लीना के प्रभाव के कारण इस बार सर्दी सामान्य से पहले और ज्यादा पड़ेगी।” उन्होंने बताया कि इस प्रभाव से पहाड़ी इलाकों में शीतलहर चलने और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी की संभावना है।

ला लीना क्या है:

ला लीना समुद्र में घटने वाली एक जलवायु घटना है, जिसके असर से विश्व का मौसम प्रभावित होता है। इसमें प्रशांत महासागर का सतही तापमान सामान्य से नीचे चला जाता है। तेज हवाओं के कारण गर्म पानी पश्चिम की ओर धकेल दिया जाता है, जिससे पूर्वी प्रशांत का पानी ठंडा हो जाता है। इसके परिणामस्वरूप भारत समेत कई देशों में ठंड का असर बढ़ जाता है।

(Visited 1,834 times, 1 visits today)