सचिव गृह शैलेश बगोली के निर्देश – देहरादून में विशेष ट्रैफिक प्लान, IRB और PAC की तैनाती के आदेश

 

 

 

 

देहरादून: आगामी त्योहारों के दौरान राजधानी और राज्यभर में सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए गृह सचिव शैलेश बगोली की अध्यक्षता में शुक्रवार को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) और यातायात निदेशालय के अधिकारियों ने भाग लिया।

सचिव बगोली ने निर्देश दिए कि त्यौहारों के दौरान बाजारों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ट्रैफिक नियंत्रण के लिए विशेष प्रबंध किए जाएं। उन्होंने कहा कि आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए अधिकारी फील्ड में रहकर निगरानी करें और यातायात संचालन को सुव्यवस्थित बनाए रखें।

बैठक में निर्णय लिया गया कि देहरादून में यातायात नियंत्रण हेतु IRB या PAC की एक कंपनी तैनात की जाएगी। साथ ही होमगार्ड और पीआरडी कर्मियों की सेवाएं भी ली जाएंगी। शहर के भीड़भाड़ वाले चौराहों और प्रमुख स्थलों की पहचान कर वहाँ पर्याप्त संख्या में यातायात कर्मियों को लगाया जाएगा।

सचिव ने निर्देश दिए कि सभी ट्रैफिक सिग्नल और सीसीटीवी कैमरे पुलिस नियंत्रण में लाए जाएं, ताकि निगरानी और कार्रवाई तेज़ी से की जा सके। यातायात निदेशालय को विशेषज्ञों की मदद से प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार करने और नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, स्मार्ट सिटी, परिवहन विभाग आदि से बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि निदेशालय को मानव संसाधन और तकनीकी साधनों से सुदृढ़ किया जाए, ताकि भविष्य में भी यातायात प्रबंधन की दीर्घकालिक योजना प्रभावी रूप से लागू की जा सके।

सचिव बगोली ने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और आवश्यक सेवाओं के मार्ग हर समय सुगम व अवरोध-मुक्त रहें, जिससे किसी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई संभव हो सके।

बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी त्यौहारों के दौरान जनता की सुविधा, सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

(Visited 1,253 times, 1 visits today)