दुर्घटना में दिवंगत उपनल कर्मियों के परिजनों को CM धामी ने दी 50-50 लाख की सहायता राशि 

 

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में उपनल के माध्यम से सेवारत तीन दिवंगत कार्मिकों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राशि भले ही खोए हुए जीवन की पूर्ति नहीं कर सकती, लेकिन यह कठिन समय में परिवारों को आर्थिक संबल देने का प्रयास है।

दुर्घटना में दिवंगत कर्मियों में विद्युत वितरण खंड जसपुर के बृजेश कुमार (जनवरी 2025), ब्रिडकुल देहरादून के तसलीम (नवंबर 2024) और विद्युत वितरण खंड हरिद्वार के संजीव कुमार (फरवरी 2025) शामिल हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि राज्य सरकार ने सरकारी, अर्द्धसरकारी और उपनल कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए बैंकों के साथ कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज के तहत विशेष एमओयू किया है। इस पहल से कर्मचारियों को कई प्रकार की सुविधाएं और बीमा लाभ प्राप्त हो रहे हैं। दुर्घटना की स्थिति में उनके परिजनों को सहायता राशि प्रदान की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने पंजाब नेशनल बैंक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से यह सुविधा उपनल कर्मचारियों तक पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक कर्मचारी को सुरक्षित और सम्मानजनक कार्य वातावरण मिले, और उनके परिवारों को कठिन परिस्थितियों में पूर्ण सहयोग प्राप्त हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार कर्मचारियों के हित में अनेक नवाचार और निर्णय ले रही है, ताकि किसी भी परिस्थिति में उनका जीवन और आजीविका सुरक्षित रह सके।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव दीपेन्द्र चौधरी, अपर सचिव मनमोहन मैनाली, मेजर जनरल (से.नि.) शम्मी सबरवाल, उपनल के एमडी जे.एन.एस. बिष्ट, पंजाब नेशनल बैंक के जोनल हेड अनुपम, डिप्टी जीएम अभिनंदन और एजीएम अजीत कुमार उपाध्याय उपस्थित रहे।

(Visited 6,345 times, 1 visits today)