धामी सरकार का फोकस ‘स्पोर्ट्स स्ट्रेंथ’: खेल अवसंरचना सुदृढ़ करने और युवाओं को प्रोत्साहित करने के निर्देश

 

 

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में खेल विभाग की समीक्षा बैठक में कहा कि राज्य में खेल अवसंरचना को सुदृढ़ करने और युवाओं को खेलों से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

सीएम धामी ने निर्देश दिए कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के दौरान विकसित परिसंपत्तियों का रख-रखाव और अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए ताकि खेल गतिविधियों को निरंतर गति मिलती रहे। उन्होंने कहा कि राज्यभर में नियमित प्रतियोगिताएं आयोजित कर खिलाड़ियों को अवसर दिए जाएं।

मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी में प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज के कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से प्रदेश के खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं मिलेंगी।

उन्होंने निर्देश दिए कि न्याय पंचायत स्तर से लेकर मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी तक भव्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं ताकि युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह बढ़े। साथ ही, अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को आवश्यक सहयोग देने पर भी जोर दिया।

सीएम धामी ने कहा कि 39वें राष्ट्रीय खेलों के दृष्टिगत खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, पुरस्कार, छात्रवृत्ति और बीमा सुरक्षा के लाभ दिए जाएं।

उन्होंने विभाग को निर्देशित किया कि कॉरपोरेट जगत और निजी क्षेत्र की साझेदारी से खेल सुविधाओं का विस्तार किया जाए और अनुभवी प्रशिक्षकों की नियुक्ति पर प्राथमिकता दी जाए।

 

 

(Visited 3,327 times, 1 visits today)