31 अक्टूबर तक गड्ढा मुक्त होंगी प्रदेश की सभी सड़कें: सीएम धामी

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में प्रदेश के निर्माण और पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि अब जबकि मानसून का समय बीत चुका है, सभी विभाग तेजी से धरातल पर काम करें और निर्धारित समय सीमा में लक्ष्य पूरे करें।

बैठक में लोक निर्माण विभाग की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कें आम जनता के जीवन से सीधे जुड़ी हुई हैं, इसलिए उनकी गुणवत्ता और समय पर मरम्मत में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 31 अक्टूबर तक प्रदेश की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाए।

सीएम धामी ने गड्ढा मुक्त सड़क अभियान की साप्ताहिक समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां-जहां से बार-बार सड़क संबंधी शिकायतें मिल रही हैं, वहां विशेष निगरानी रखी जाए और अधिकारियों की जवाबदेही तय हो। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण एवं पैचवर्क को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि कहीं लापरवाही पाई जाती है तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

(Visited 556 times, 1 visits today)