चमोली के देवाल में अतिवृष्टि-भूस्खलन से तबाही: दंपती की मौत, कई मवेशी मलबे में दबे

 

 

 

 

देवाल (चमोली): कुमाऊं सीमा से सटे चमोली जिले के देवाल विकासखंड स्थित मोपाटा गांव में गुरुवार देर रात अतिवृष्टि और भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई। घटना रात करीब 12:30 बजे की है जब गांव से 100 मीटर ऊपर हुए भूस्खलन का मलबा, पेड़ और बोल्डर नीचे आकर एक मकान पर गिर पड़ा। हादसे में तारा सिंह कुंवर (58) और उनकी पत्नी कमला देवी (52) की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में दो बैल, एक भैंस, दो गाय, दो कुत्ते और 15 बकरियां भी मलबे में दबकर मर गईं। वहीं अफरातफरी के दौरान विरेंद्र सिंह और उनकी पत्नी दुर्गा देवी घायल हो गए। उनकी गोशाला भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

 लगातार बारिश और अंधेरे के कारण राहत दल रात में मौके पर नहीं पहुंच सके। शुक्रवार सुबह दस बजे के बाद ही प्रशासन, एसडीआरएफ व डीडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंच पाई और बचाव कार्य शुरू हुआ।

 शुक्रवार को क्षेत्र पंचायत प्रमुख तेजपाल सिंह रावत ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर प्रदेश सरकार से 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की मांग की। वहीं, मुख्यमंत्री के कोऑर्डिनेटर दलबीर दानू, भाजपा महामंत्री नरेश सिंह बागड़ी, छात्र नेता दयाल सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य उर्बी जोशी, तहसीलदार अक्षय पंकज सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी पीड़ितों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

 घायल दुर्गा देवी को प्राथमिक उपचार के बाद देवाल से एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। उपजिलाधिकारी थराली पंकज भट्ट ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं, लेकिन लगातार बारिश से पूरी पिंडरघाटी संवेदनशील हो गई है और कई सड़कें मलबे से बंद पड़ी हैं, जिससे दिक्कतें बढ़ गई हैं।

(Visited 1,266 times, 1 visits today)