देहरादून: मौसम विभाग द्वारा राज्य के विभिन्न जनपदों के लिए जारी रेड व ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) ने अधिकारियों को सतर्क कर दिया है। अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशासन आनंद स्वरूप ने जिला आपदा प्रबंधन अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रेड-ऑरेंज अलर्ट के बीच तैयारियां तेज
आनंद स्वरूप ने कहा कि आने वाले कुछ दिन राज्य के लिए बारिश के लिहाज से चुनौतीपूर्ण रह सकते हैं। अतिवृष्टि से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए सभी जिलों को पहले से तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से आईएमडी की वेबसाइट चेक करने और हर अपडेट पर त्वरित कार्रवाई करने को कहा।
‘सचेत एप’ के प्रचार पर जोर
बैठक में उन्होंने बताया कि शुक्रवार को मुख्य सचिव द्वारा सचेत एप के प्रचार-प्रसार पर विशेष बल दिया गया। सभी जिला अधिकारी अपने स्तर पर इस एप को अधिक से अधिक लोगों के मोबाइल में डाउनलोड करवाने का अभियान चलाएं।
क्षति आकलन व राहत शिविर
अपर सीईओ ने गुरुवार रात हुई भारी बारिश से हुए नुकसान और शुक्रवार को संचालित राहत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि असुरक्षित स्थानों से लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थलों या राहत शिविरों में पहुँचाया जाए। आश्रय स्थलों में भोजन, पानी, बिस्तर, बिजली और शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था हो। साथ ही तहसील स्तरीय अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी जाए।
पहाड़ों की बारिश, मैदानों पर असर
आनंद स्वरूप ने कहा कि पहाड़ों में अधिक वर्षा का सीधा असर मैदानों में देखने को मिल सकता है। नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ और जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने सैटेलाइट फोन की मॉनिटरिंग और उनके रखरखाव पर भी जोर दिया।
‘सूचनाओं का प्रवाह बाधित न हो’ – डीआईजी नेगी
इस अवसर पर अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रियान्वयन डीआईजी राजकुमार नेगी ने कहा कि चुनौतियां अधिक हैं, इसलिए सूचनाओं के आदान-प्रदान में कहीं भी कमी नहीं रहनी चाहिए। सभी जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एसईओसी से लगातार संपर्क में रहें और हर घटना की जानकारी साझा करें। उन्होंने कहा कि राज्य के नागरिकों तक समय पर अलर्ट पहुँचना जरूरी है ताकि लोग सुरक्षित कदम उठा सकें।
बैठक में संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मो. ओबैदुल्लाह अंसारी, डॉ. पूजा राणा, हेमंत बिष्ट, तंद्रीला सरकार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
