थराली आपदा : बादल फटने से तबाही, युवती की मौत , CM धामी ने जताया दुःख, राहत-बचाव कार्य तेज

 

 

 

 

चमोली:  चमोली जनपद के थराली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात बादल फटने से भारी तबाही मच गई। थराली बाजार और आसपास के क्षेत्रों में मलबे का पहाड़ टूट पड़ा। इस आपदा में एक युवती की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना है। कई मकान और दुकानें मलबे में दब गए हैं, वहीं वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है।

CM धामी ने जताया शोक, दिए राहत-बचाव के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतक युवती के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और लापता व्यक्ति के सकुशल मिलने की कामना की। मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत व बचाव कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और स्थानीय विधायक से भी लगातार स्थिति की जानकारी लेते हुए मौके पर रहकर राहत कार्यों की निगरानी करने को कहा।

जिलाधिकारी मौके पर, टीमें लगातार जुटी

जिलाधिकारी संदीप तिवारी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर राहत और बचाव कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस बल की टीमें थराली, टूनरी गदेरे और आसपास के इलाकों में मलबा हटाने और फंसे लोगों की मदद में जुटी हुई हैं। हरमनी के पास मार्ग को सुचारू कर दिया गया है, जबकि कई अन्य मार्गों को खोलने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।

स्कूलों में अवकाश, प्रशासन की अपील

भारी बारिश और आपदा की स्थिति को देखते हुए आज थराली, देवाल और नारायणबगड़ विकासखंड के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन से संपर्क करें।

थराली बाजार में मलबा, कई मकान क्षतिग्रस्त

टूनरी गदेरे में बादल फटने से थराली बाजार में मलबे का अंबार लग गया। एसडीएम आवास सहित कई भवन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। दुकानों में मलबा भर जाने से कारोबारियों को भारी नुकसान हुआ है। कई वाहन भी मलबे में दब गए हैं।

सरकार ने दिया भरोसा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद दी जाएगी और किसी को भी राहत से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार इस आपदा की घड़ी में थराली के लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।

 

(Visited 1,968 times, 1 visits today)