गढ़वाल-कुमाऊं को जोड़ेगा सिंगटाली पुल, मुख्यमंत्री धामी ने दी 57 करोड़ की स्वीकृति

 

 

 

देहरादून: गढ़वाल और कुमांऊ को जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित सिंगटाली पुल के निर्माण का रास्ता आखिरकार साफ हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पुल के लिए 57 करोड़ 5 लाख 25 हजार रुपए की वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।

यह पुल पौड़ी जिले की यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र में कौडियाला–व्यासघाट मोटर मार्ग के किमी 01 पर गंगा नदी पर प्रस्तावित है। पुल की कुल लंबाई 150 मीटर होगी। शासन द्वारा मंगलवार को ही प्रमुख अभियंता लोक निर्माण विभाग को इसके निर्माण के लिए औपचारिक आदेश जारी कर दिए गए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जनता लंबे समय से इस पुल की मांग कर रही थी। उन्होंने बताया कि उनके विशेष निर्देश पर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित व्यय–वित्त समिति पहले ही इस प्रस्ताव को मंजूरी दे चुकी थी। अब सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं और जल्द ही पुल का निर्माण कार्य शुरू होगा।

सिंगटाली पुल बनने से गढ़वाल और कुमांऊ के बीच सड़क सम्पर्क और मजबूत होगा, जिससे स्थानीय लोगों, व्यापार और पर्यटन को भी बड़ा लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण कार्य को तेजी से आगे बढ़ाते हुए तय समय सीमा में पूरा किया जाएगा।

(Visited 1,178 times, 1 visits today)