पीटीआई: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के नागरथपेट इलाके में सोमवार तड़के भीषण हादसा हो गया। प्लास्टिक उत्पाद निर्माण इकाई में लगी आग से एक ही परिवार के चार लोगों समेत पांच की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मदन सिंह, उनकी पत्नी संगीता, दो बच्चे मिथेश और विहान तथा सुरेश कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मदन सिंह मूल रूप से राजस्थान के निवासी थे और पिछले 10 वर्षों से इस इमारत में प्लास्टिक व स्टील के रसोई सामान और चटाई बनाने की यूनिट चला रहे थे। परिवार इमारत की ऊपरी मंजिल पर ही रहता था।
बेंगलुरु पुलिस आयुक्त सीमांत सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में शार्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। दमकल विभाग को सुबह करीब 3.14 बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद आठ गाड़ियां और 55 दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे।
दमकल अधिकारियों ने बताया कि इमारत गोदामनुमा थी और बड़ी मात्रा में सामान भरा होने से आग बुझाने में काफी दिक्कत हुई। यह इमारत घनी आबादी वाले व्यापारिक केंद्र में स्थित थी, जिससे आग पर काबू पाने में और भी चुनौती का सामना करना पड़ा।
