TMP: उत्तरकाशी जिले के धराली में हाल ही में आई भीषण आपदा से प्रभावित 98 परिवारों को प्रदेश सरकार ने पाँच-पाँच लाख रुपये की तत्कालिक आर्थिक सहायता प्रदान की। गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेश सिंह चौहान ने शनिवार को इन परिवारों को राहत राशि के चेक सौंपे।
गौरतलब है कि 5 अगस्त को उत्तरकाशी और पौड़ी जनपदों में भारी बारिश, भूस्खलन और मलबे के प्रवाह ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई थी, जिससे कई घर नष्ट हो गए और बुनियादी ढाँचे को गंभीर नुकसान पहुँचा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा स्थल का दौरा कर प्रत्येक प्रभावित परिवार को पाँच लाख रुपये की तत्काल सहायता देने की घोषणा की थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राहत प्रक्रिया का पहला चरण है। नुकसान का पूर्ण आकलन करने के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है, जो सात दिन में अपनी रिपोर्ट देगी। इसके बाद एक व्यापक पुनर्वास पैकेज तैयार किया जाएगा, जिसमें भवनों, होमस्टे, पशुधन और बागानों के नुकसान की भरपाई भी शामिल होगी।
उन्होंने आश्वासन दिया—“आपदा प्रभावित क्षेत्र के लोग मेरे परिवार के सदस्य हैं। सरकार पुनर्निर्माण और पुनर्वास को प्राथमिकता के साथ पूरा करेगी, ताकि सभी जल्द सामान्य जीवन में लौट सकें।”
इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे तथा सरकार की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।
