चमोली: टीएचडीसी टनल हादसे से प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों की मदद को लेकर सरकार ने संवेदनशीलता दिखाई है। शनिवार को आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने पीपलकोटी के हाट-सियासैण में श्रमिक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं।
श्रमिकों ने आर्थिक सहायता, घायलों के निशुल्क उपचार, दीर्घकालिक आजीविका और हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग रखी। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता दी जाएगी।
मंत्री ने अधिकारियों को घायलों के उपचार, प्रभावित परिवारों से लगातार समन्वय और जरूरी सहायता उपलब्ध कराने में किसी तरह की कमी न रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा और हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं।
बैठक में थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, टीएचडीसी के अधिकारी और श्रमिक प्रतिनिधिमंडल के सदस्य मौजूद रहे।
