धराली त्रासदी के बाद सरकार का युद्धस्तरीय रिस्पॉन्स: विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम रवाना, अस्पताल अलर्ट पर

 

 

TMP: उत्तरकाशी जिले के धराली गांव में सोमवार को बादल फटने से हुई भयावह आपदा के बाद राज्य सरकार पूरी तरह एक्टिव मोड में आ गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं और हर स्तर पर स्थिति को संभालने के लिए तेज़ और ठोस फैसले लिए जा रहे हैं

विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम तुरंत रवाना

मुख्यमंत्री के निर्देश पर स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने सर्जन, फिजीशियन, आर्थोपेडिक और निश्चेतक विशेषज्ञों की टीम को तत्काल धराली क्षेत्र के लिए रवाना किया है। टीम का नेतृत्व गढ़वाल मंडल के चिकित्सा निदेशक कर रहे हैं, जिन्हें आपदा के लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया गया है।

हॉस्पिटल्स में बेड आरक्षित, मेडिकल स्टाफ की छुट्टियां रद्द

राज्य के सभी प्रमुख अस्पतालों में गंभीर घायलों के इलाज के लिए विशेष बेड आरक्षित किए गए हैं। चिकित्सा अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं। स्वास्थ्य सचिव ने निर्देश दिए हैं कि दवाओं, सर्जिकल सामान और उपकरणों की कोई कमी नहीं होनी चाहिए।

108 एंबुलेंस सेवा हाई अलर्ट पर

आपदा क्षेत्र में 108 एंबुलेंस सेवाओं को हाई अलर्ट पर रखा गया है। आसपास के जनपदों से भी एंबुलेंस बुलाकर घायलों की तत्काल सहायता और शिफ्टिंग की व्यवस्था की जा रही है।

24×7 नियंत्रण कक्ष और सख्ती के निर्देश

उत्तरकाशी जिले में एक 24×7 एक्टिव कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो राहत और चिकित्सा कार्यों की निगरानी और समन्वय कर रहा है।

स्वास्थ्य सचिव ने सख्त चेतावनी दी है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

(Visited 331 times, 1 visits today)