प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 20वीं किश्त 2 अगस्त को होगी जारी, उत्तराखंड के 8.29 लाख किसानों को मिलेगा 184.25 करोड़ का लाभ

 

 

 

देहरादून:  उत्तराखंड के कृषकों के लिए बड़ी खबर। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने मीडिया को जानकारी दी कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (पीएम-किसान) की 20वीं किश्त आगामी 2 अगस्त 2025 (शनिवार) को बनोली गांव, वाराणसी (उत्तर प्रदेश) से सुबह 10 से 12 बजे के बीच वितरित की जाएगी।

इस किश्त के अंतर्गत उत्तराखंड के 8,28,787 लाभार्थी किसान लगभग ₹184.25 करोड़ की धनराशि से लाभान्वित होंगे। अब तक राज्य में 19 किश्तों के माध्यम से कुल ₹3111.49 करोड़ वितरित किए जा चुके हैं।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम देहरादून में

इस अवसर पर राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम  हरवंश कपूर मेमोरियल हॉल, गढ़ी कैंट, देहरादून में आयोजित होगा, जहाँ मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, विधायक एवं केंद्र सरकार के प्रतिनिधि सम्मिलित होंगे। यह कार्यक्रम प्रदेश, ब्लॉक, ग्राम एवं कृषि विज्ञान केंद्रों (KVKs) के स्तर पर भी आयोजित किया जाएगा।

दो-तरफ़ा संवाद और लाइव वेबकास्ट

  • आयोजन स्थलों पर टू-वे वीडियो कनेक्शन की सुविधा रहेगी, जिससे किसान सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संवाद कर सकेंगे।

  • कार्यक्रम का लाइव प्रसारण डीडी किसान चैनल और https://pmindiawebcast.nic.in पर किया जाएगा।

  • सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स (Facebook, Twitter आदि) से प्रचार-प्रसार होगा, और किसानों की वीडियो, बाइट्स, फोटो व फिल्में पोर्टल पर अपलोड की जाएंगी।

जनपदवार लाभार्थियों की सूची और धनराशि (20वीं किश्त):

जनपद लाभार्थी धनराशि (₹ करोड़)
अल्मोड़ा 1,05,088 23.62
बागेश्वर 40,982 8.68
चमोली 47,262 9.77
चंपावत 37,699 8.21
देहरादून 44,873 12.07
हरिद्वार 1,03,062 23.03
नैनीताल 54,849 12.06
पौड़ी गढ़वाल 58,532 12.94
पिथौरागढ़ 60,822 13.27
रुद्रप्रयाग 39,987 9.01
टिहरी गढ़वाल 1,09,570 24.26
उधम सिंह नगर 76,592 16.51
उत्तरकाशी 49,469 10.83

किसानों से अपील

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने प्रदेश के सभी किसानों से नजदीकी आयोजन स्थल से जुड़कर कार्यक्रम में भाग लेने और प्रधानमंत्री जी का उद्बोधन सुनने की अपील की है।

 

(Visited 1,991 times, 1 visits today)