मुंबई में बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें, IMD का ऑरेंज अलर्ट जारी

Photo: PTI

 

TMP: मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। कई निचले इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया है, जिससे वाहनों की रफ्तार थम गई है। अंधेरी सबवे पानी में डूबने के कारण पूरी तरह बंद कर दिया गया है, जबकि कई इलाकों में 5-7 किलोमीटर तक लंबा ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। कुर्ला, सायन, चेंबूर और किंग्स सर्कल जैसे इलाकों में भी जलभराव से लोग परेशान हैं।

IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग ने मुंबई और रायगढ़ में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, ठाणे और पालघर समेत आसपास के इलाकों में येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। अगले 24 घंटे में मुंबई, कोंकण और आसपास के तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे समुद्र से दूर रहें, क्योंकि समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं, जो 3.88 मीटर तक पहुंच गई हैं।

https://x.com/ANI/status/1947141190635131026

समुद्र में ऊंची लहरें और हाई टाइड की स्थिति

मुंबई के मरीन ड्राइव और गिरगांव चौपाटी समेत तटीय इलाकों में ऊंची लहरों के कारण हाई टाइड की स्थिति बनी हुई है। तटीय क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और प्रशासन ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है।

एयरलाइंस ने जारी की एडवाइजरी

भारी बारिश के कारण हवाई यात्रियों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। इंडिगो ने एडवाइजरी जारी करते हुए यात्रियों से अपील की है कि वे घर से समय से पहले निकलें ताकि एयरपोर्ट समय पर पहुंच सकें। वहीं, स्पाइसजेट ने भी यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करते रहें क्योंकि खराब मौसम के कारण उड़ानों में देरी और री-शेड्यूलिंग की संभावना है।

https://x.com/IndiGo6E/status/1947145669145448528

https://x.com/flyspicejet/status/1947116913097625940

अगले 48 घंटे सतर्क रहने की सलाह

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अगर बेहद जरूरी न हो, तो अगले 48 घंटे तक घर से बाहर निकलने से बचें। जलभराव वाले इलाकों में जाने से परहेज करें और बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित स्थानों पर रखें। मुंबई पुलिस और BMC की टीमें लगातार फील्ड में निगरानी कर रही हैं ताकि किसी भी इमरजेंसी में लोगों की मदद की जा सके।

(Visited 464 times, 1 visits today)