उत्तराखंड बना देश का पहला राज्य, जिसने दिखाया निवेश का धरातली असर – एक लाख करोड़ के निवेश की ऐतिहासिक ग्राउंडिंग

 

 

 

रुद्रपुर: उत्तराखंड सरकार ने निवेश के क्षेत्र में देश को एक नई दिशा दिखाई है। दिसंबर 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में हुए समझौतों को अब धरातल पर सफलतापूर्वक उतारते हुए राज्य सरकार ने एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश को मूर्त रूप दे दिया है। यह अपने आप में देश का पहला उदाहरण है, जब कोई राज्य सरकार निवेश के बाद उसकी वास्तविक प्रगति को जनता के सामने पारदर्शिता से प्रस्तुत कर रही है।

इसी उपलब्धि को ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए शनिवार को रुद्रपुर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में “उत्तराखंड निवेश उत्सव” आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह होंगे। कार्यक्रम में उन उद्योग समूहों के प्रतिनिधि भाग लेंगे जिनकी परियोजनाएं उत्तराखंड में मूर्त रूप ले चुकी हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि, “उत्तराखंड अब निवेशकों की पहली पसंद बन चुका है। शांत वातावरण, बेहतर बुनियादी ढांचा और राज्य सरकार की उद्योग अनुकूल नीतियों के चलते यहां निवेश तेजी से बढ़ रहा है। इससे आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी और रोजगार के हज़ारों नए अवसर सृजित होंगे।”

ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 में कुल 3,57,693 करोड़ रुपए के 1779 एमओयू साइन किए गए थे, जिनसे अनुमानित 81,327 रोजगार सृजित होने की उम्मीद है। इनमें से अब तक कुल ₹1,00,000 करोड़ से अधिक की परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं।

विभागवार ग्राउंडिंग आंकड़े:

  • ऊर्जा: ₹40,341 करोड़ (रोजगार: 8,472)

  • उद्योग: ₹34,086 करोड़ (रोजगार: 44,663)

  • आवास: ₹10,055 करोड़ (रोजगार: 5,172)

  • पर्यटन: ₹8,635 करोड़ (रोजगार: 4,694)

  • उच्च शिक्षा: ₹5,116 करोड़ (रोजगार: 4,428)

  • अन्य: ₹3,292 करोड़ (रोजगार: 13,898)

निवेश उत्सव के ज़रिए उत्तराखंड सरकार न केवल पारदर्शिता का उदाहरण पेश कर रही है, बल्कि एक संदेश भी दे रही है कि यह राज्य निवेशकों के लिए भरोसेमंद, सुरक्षित और प्रगतिशील मंच है।

(Visited 771 times, 1 visits today)