देहरादून: प्रदेश में युवाओं के बीच तेजी से फैल रही नशे की प्रवृत्ति को देखते हुए मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में राष्ट्रीय नार्को समन्वय पोर्टल (एन्कॉर्ड) की समीक्षा बैठक के दौरान राज्यभर में व्यापक और सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अब वक्त आ गया है कि नशे के ईकोसिस्टम को पूरी तरह ध्वस्त किया जाए।
मुख्य सचिव ने एसएसपी STF नवनीत सिंह को सिंगल पॉइंट नोडल ऑफिसर नियुक्त करते हुए उन्हें पूर्ण स्वतंत्रता दी और स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ कार्रवाई में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और एसपी को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने ज़िलों में शिक्षण संस्थानों, हॉस्टलों और अभिभावकों से समन्वय स्थापित कर छात्रों के मेडिकल टेस्ट की प्रक्रिया तत्काल शुरू करें।
पूरे प्रदेश में एक साथ चलेगा ड्रग्स विरोधी मिशन
बैठक में निर्देश दिए गए कि नशे की डिमांड और सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए बहुस्तरीय रणनीति अपनाई जाए। स्वास्थ्य विभाग ड्रग इंस्पेक्टरों और टेस्टिंग मटेरियल की व्यवस्था करेगा, जबकि सूचना, शिक्षा और गृह विभाग सामूहिक जागरूकता अभियान चलाएंगे। सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और एनएसएस-एनसीसी जैसी युवा इकाइयों को भी इस मुहिम से जोड़ा जाएगा।
खाली सरकारी भवनों में खुलेंगे नशा मुक्ति केंद्र
मुख्य सचिव ने रायवाला के ओल्ड एज होम समेत अन्य गैर-प्रयुक्त सरकारी भवनों में अगले एक माह के भीतर नशा मुक्ति केंद्र शुरू करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारियों को कहा गया है कि वे अपने जिलों के खाली सरकारी भवनों की सूची तैयार कर शीघ्र शासन को भेजें ताकि उन्हें जनहित के कार्यों में उपयोग में लाया जा सके।
प्राइवेट नशा मुक्ति संस्थानों की होगी सख्त निगरानी
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि प्रदेश में संचालित प्राइवेट डि-एडिक्शन सेंटर्स का भौतिक निरीक्षण किया जाए और जो संस्थान मानकों पर खरे नहीं उतरते, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही नशा छोड़ चुके युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़े जाने की भी योजना बनाई जाए।
मुख्य सचिव ने यह भी कहा कि वार्षिक हेल्थ चेकअप, मानसिक स्वास्थ्य सेवा, और सामुदायिक सहयोग को अभियान का अभिन्न हिस्सा बनाया जाए।
प्रशासनिक और पुलिस महकमे को सौंपी गई स्पष्ट जिम्मेदारियां
बैठक में सचिव शैलेश बगोली, डॉ. आर. राजेश कुमार, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर डॉ. वी. मुरूगेशन, आईजी लॉ नीलेश भरने, अपर सचिव गृह निवेदिता कुकरेती, एसएसपी STF नवनीत सिंह सहित विभिन्न वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
