रुद्रप्रयाग : चारधाम यात्रा के दौरान रुद्रप्रयाग जिले में बुधवार सुबह एक भीषण बस दुर्घटना में अब तक 2 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 8 यात्री घायल और 10 से अधिक लापता बताए जा रहे हैं। हादसा इतना भयावह था कि 31 सीटर बस (UK 08 PA 7444) करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिरते हुए अलकनंदा नदी में समा गई।
यह बस रुद्रप्रयाग से बद्रीनाथ की ओर जा रही थी, तभी घोलतीर क्षेत्र के स्टेट बैंक मोड़ के पास चालक के नियंत्रण खोने से बस खाई में जा गिरी। दुर्घटना की खबर मिलते ही SDRF, जिला पुलिस, फायर सर्विस, राजस्व विभाग, और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
अंधेरी सुबह, चीख-पुकार और अलकनंदा की तेज धार:
चश्मदीदों के मुताबिक बस गिरते समय कई यात्री बस से बाहर छिटक गए, जिन्हें खाई से निकाल कर जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया। गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट कर AIIMS ऋषिकेश भेजा गया है।
घायलों में शामिल:
-
दीपिका सोनी (राजस्थान)
-
हेमलता सोनी (राजस्थान)
-
ईश्वर सोनी (गुजरात)
-
अमिता सोनी (महाराष्ट्र)
-
भावना और भव्य सोनी (गुजरात)
-
पार्थ सोनी (मध्य प्रदेश)
-
सुमित कुमार (बस चालक, हरिद्वार)
मृतकों की पहचान हुई:
-
विशाल सोनी (राजगढ़, मध्यप्रदेश)
-
ड्रिमी (सूरत, गुजरात, उम्र 17 वर्ष)
लापता हैं 10 से अधिक यात्री
बस में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी सवार थे। नदी का तेज बहाव और कठिन भू-स्थिति के चलते NDRF, SDRF व पुलिस की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई हैं।
प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश, यात्रा सुरक्षा पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से सावधानी बरतने और नियमों का पालन करने की अपील की है। यह दुर्घटना चारधाम यात्रा मार्गों की यात्री सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवालिया निशान खड़े कर गई है।
रुद्रप्रयाग प्रशासन ने राहत-बचाव कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखते हुए आश्वासन दिया है कि लापता यात्रियों की तलाश जारी रहेगी और घायलों को हर संभव मदद दी जाएगी।यह हादसा न केवल एक चेतावनी है, बल्कि चारधाम यात्रा मार्ग की सुरक्षा समीक्षा की एक सख्त मांग भी।
