TMP: उत्तर प्रदेश के गजरौला स्थित वेंकटेश्वरा यूनिवर्सिटी परिसर में रविवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने पर मिले सम्मान को राज्य की सवा करोड़ जनता का सम्मान बताया।
UCC: संविधान निर्माताओं के सपनों को साकार करने का कदम
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू होना भारतीय संविधान की आत्मा को साकार करने का उत्सव है। उन्होंने इसे बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर और संविधान निर्माताओं के सपनों को पूरा करने वाला कदम बताया। उन्होंने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनावों में जनता ने मिथक तोड़ते हुए भाजपा की सरकार दोबारा बनाई और ऐतिहासिक निर्णय लेने का अवसर दिया।
UCC से महिलाओं को मिला सशक्तिकरण का नया अधिकार
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि समान नागरिक संहिता जाति, धर्म और लिंग के आधार पर कानूनी भेदभाव को समाप्त करने का संविधानिक उपाय है। उन्होंने कहा कि इस कानून से उत्तराखंड की मुस्लिम बहनों को हलाला, बहुविवाह, बाल विवाह और तीन तलाक जैसी कुप्रथियों से मुक्ति मिली है। अब महिलाओं को उत्तराधिकार और संपत्ति में समान अधिकार मिलेगा, जिससे महिला सशक्तिकरण का एक नया अध्याय शुरू हुआ है।
भारत के विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर होने की बात कही। उन्होंने कहा कि जब भारत एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित होगा, तब देश के सभी नागरिकों के अधिकार समान होंगे। इसकी शुरुआत उत्तराखंड से हो चुकी है और आने वाले समय में देश के अन्य राज्यों में भी यह कानून लागू हो सकता है।
UCC: न्यायिक प्रक्रिया होगी सरल और तेज
मुख्यमंत्री धामी ने समान नागरिक संहिता को न्यायिक प्रक्रिया को सरल और तेज करने वाला कानून बताया। उन्होंने कहा कि इस कानून से समाज में समरसता स्थापित होगी और यह किसी भी धर्म के खिलाफ नहीं है, बल्कि समाज की कुप्रथाओं को खत्म करने का एक संवैधानिक प्रयास है। उन्होंने कहा कि विश्व के प्रमुख मुस्लिम देशों सहित दुनिया के अन्य सभ्य देशों में पहले से ही समान नागरिक संहिता लागू है।
उत्तराखंड से उठी लहर पूरे भारत में करेगी नई चेतना का संचार
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि समान नागरिक संहिता का प्रभाव उत्तराखंड से पूरे देश में नई चेतना जगाने का काम करेगा। जिस तरह मां गंगा उत्तराखंड से निकलकर पूरे भारत को अपने जल से पवित्र करती हैं, उसी तरह UCC की धारा भी देश के अन्य राज्यों को इस दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री (उत्तर प्रदेश) अशोक कटारिया, वेंकटेश्वरा यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति डॉ. सुधीर गिरी, भाजपा जिला अध्यक्ष उदय गिरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।