पिथौरागढ़: सीमांत क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में पिथौरागढ़ स्थित बाबू जगजीवन राम मेडिकल कॉलेज में इसी शैक्षणिक सत्र से 50 MBBS सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चंडाक स्थित मेडिकल कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनके अनुभव और सुझाव भी जाने। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
सीमांत क्षेत्रों को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के संचालन से पिथौरागढ़ और आसपास के सीमांत क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर जोर
धामी ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास दूरस्थ और सीमांत इलाकों तक आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। मेडिकल कॉलेज जैसे संस्थानों के विकास से चिकित्सा शिक्षा के अवसर बढ़ने के साथ क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और गुणवत्ता के मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

